
कर्नाटक के बेंगलुरु में येलहंका एयरफोर्स स्टेशन पर एयरो इंडिया 2025 का 15वां संस्करण का समारोह चल रहा है। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने संबोधित भी किया।
वैश्विक अनिश्चितताओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि एक बड़े देश के रूप में भारत हमेशा शांति और स्थिरता का समर्थक रहा है।
भारतीय सुरक्षा को लेकर क्या बोले राजनाथ सिंह?
राजनाथ सिंह ने कहा, हमारे लिए, कोई भारतीय सुरक्षा या भारतीय शांति अलग-थलग नहीं है। सुरक्षा, स्थिरता और शांति राष्ट्रीय सीमाओं से परे साझा संरचनाएं हैं। (एयरो इंडिया में) विदेशी देशों से हमारे दोस्तों की मौजूदगी इस तथ्य का प्रमाण है कि हमारे साझेदार एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के हमारे दृष्टिकोण को साझा करते हैं।
राजनाथ सिंह ने आगे कहा,
सुरक्षा की कमजोर स्थिति में शांति कभी हासिल नहीं की जा सकती। शांति का वट वृक्ष शक्ति की जड़ों पर ही खड़ा हो सकता है। मेरा मानना है कि हम सभी को एक साथ मजबूत होना होगा, तभी हम शांति सुनिश्चित कर पाएंगे। मजबूत होकर ही हम बेहतर विश्व व्यवस्था के लिए काम कर पाएंगे।
भारत के इतिहास का भी किया जिक्र
आगे यह कहते हुए कि वैश्विक अनिश्चितता के इस माहौल में, भारत एक बड़ा देश है जहां शांति और समृद्धि है, रक्षा मंत्री ने कहा, ‘यदि आप भारत के इतिहास का आकलन करेंगे, तो आप पाएंगे कि हमने न तो किसी देश पर हमला किया है, न ही हम किसी महान शक्ति की प्रतिद्वंद्विता में शामिल हुए हैं। ‘ उन्होंने कहा,
‘एक बड़े देश के रूप में, भारत हमेशा शांति और स्थिरता का समर्थक रहा है। और जब मैं यह कह रहा हूं, तो यह सिर्फ कहने की बात नहीं है, बल्कि यह हमारे मौलिक आदर्श की बात है।’
एयरो इंडिया के 15वें वर्जन , जिसे एशिया की सबसे बड़ी एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी माना जाता है का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को यहां येलहंका वायु सेना स्टेशन में किया।








