
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला 12 फरवरी को अहमदाबाद में खेला गया। इस मैच में भारत ने 142 रनों से जीत हासिल की और इंग्लैंड का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया। इससे पहले टीम इंडिया ने 5 मैचों की T20I सीरीज में इंग्लैंड को 4-1 से मात दी।
तीसरे वनडे में भारत की जीत के हीरो रहे युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल। गिल के बल्ले से शानदार शतक निकला। गिल ने 102 गेंदों पर 112 रनों की पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम किया। वहीं, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक जड़े। कोहली ने 52 रन बनाए जबकि अय्यर ने 78 रनों की पारी खेली। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा आज के मैच में बल्ले से ज्यादा योगदान नहीं दे सके लेकिन उन्होंने वनडे सीरीज जीतने के साथ ही कप्तानी में नया कीर्तिमान रच दिया। दरअसल, रोहित शर्मा भारत के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में 4 टीमों का क्लीन स्वीप किया है। इंग्लैंड का सूपड़ा साफ करने से पहले रोहित शर्मा कप्तान के तौर पर साल 2023 में वेस्टइंडीज, श्रीलंका और न्यूजीलैंड का क्लीन स्वीप किया था।
Author: Red Max Media
Post Views: 19








