चुनाव से ठीक पहले बदले गए बिहार कांग्रेस अध्यक्ष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजेश कुमार को मिली जिम्मेदारी।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में हलचल तेज हो गई है। बिहार में चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने अपना प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है। विधायक राजेश कुमार को अब नई जिम्मेदारी मिली है। कांग्रेस ने इसके साथ अखिलेश प्रसाद सिंह कार्यकाल को भी सराहा है। राजेश को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
बिहार में इस वर्ष विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसके पहले कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने पार्टी के प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव किए हैं। 

बिहार प्रभारी के बाद पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष को भी बदल दिया है। राजेश कुमार को बिहार कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वे डा अखिलेश प्रसाद सिंह की जगह लेंगे। 

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की सहमति के बाद इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। 

कुटुंबा के विधायक हैं राजेश
नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश कुमार कुटुंबा के विधायक हैं। इनके पिता बालेश्वर राम सांसद थे। राजेश कुमार अब तक दो बार विधानसभा पहुंच चुके हैं।

 

पहली बार 2015 और उसके बाद 2020 में ये विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। राजेश पार्टी के युवा चेहरा है और पार्टी के आयोजनों में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते रहे हैं।

यहां बता दें कि कांग्रेस ने डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह को वर्ष 2022 में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान सौंपी थी। वह अपने कार्यकाल के दौरान लगातार काफी सक्रिय रहे। 

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष होने के साथ ही डॉ अखिलेश राज्यसभा सदस्य भी हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद में बदलाव करने की चर्चा बीते काफी दिनों से थी। 

 

राहुल गांधी के खास माने जाते हैं कृष्णा अल्लावारू
  • यह कहा जा रहा था कि अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी दोनों बदले जाएंगे लेकिन, पार्टी ने पहले बिहार प्रभारी मोहन प्रकाश को बदल कर प्रभारी की कमान राहुल गांधी के खास माने जाने वाले नेता कृष्णा अल्लावारू को सौंप थी।
  • आज इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष को भी बदल कर राजेश कुमार को यह जिम्मेदारी सौंप दी है।
चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, हुई समीक्षा बैठक

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कांग्रेस पार्टी जुट गई है। मंगलवार को इसके लिए बक्सर में जिला प्रभारी के साथ एक समीक्षा बैठक की गई। 

बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने किया। समीक्षा के दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार बक्सर जिले के सभी बूथों पर बीएलए बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 

कुछ ही दिनों में इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। पार्टी के सदस्य चारों विधानसभा में अपने कार्यकर्ताओं से सीधे संपर्क स्थापित कर जनता के साथ जुड़ने का काम कर रहे हैं। इसके परिणाम स्वरूप आने वाले विस चुनाव में पार्टी को जनता का भरपूर समर्थन और आशीर्वाद मिलेगा। 

बैठक में राजारमन पांडेय, महिमा शंकर उपाध्याय, राजू वर्मा, रोहित उपाध्याय, संजय पांडेय, बंगाली दूबे, निर्मला देवी आदि अनेक सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें