
आरसीबी बनाम दिल्ली कैपिटल्स के मैच में मिचेल स्टार्क की एक ओवर में इतनी धुनाई हुई कि पुराने दिन याद आ गए। मिचेल स्टार्क दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं। उनके एक ओवर में इतने रन कभी कभार ही गए हैं। उनका ये हाल किसी और ने नहीं, बल्कि फिल साल्ट ने किया। मुकाबला बेंगलुरु के स्टेडियम में है, जो पहले से ही खूब रनों के लिए जाना जाता है। आरसीबी को इसी एक ओवर की बदौलत तूफानी शुरुआत मिली, जो बाद में धीमी पड़ गई।
मिचेल स्टार्क ने एक ओवर में दे दिए 30 रन, नो बॉल भी फेंकी
आईपीएल में गुरुवार को आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला हुआ। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। आरसीबी की ओर से पारी का आगाज करने के लिए फिल साल्ट और विराट कोहली आए। अक्षर पटेल ने पहला ओवर मिचेल स्टार्क को थमा दिया। इस ओवर में तो ज्यादा रन नहीं आए। स्टार्क केवल सात रन देकर निकल गए। लेकिन जब स्टार्क दूसरा ओवर लेकर आए तो फिल साल्ट ने सारी हवा निकाल दी। मिचेल स्टार्क के इस ओवर में कुल 30 रन आए। इसमें नो बॉल और फ्री हिट के रन भी रन शामिल रहे। इससे पहले आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स ने इससे ज्यादा रन केवल एक ही बार खाए हैं। साल 2024 के आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस मुकाबले में दिल्ली की ओर से खेल रहे एनरिख नोर्खिया के ओवर में 32 रन खाए थे। तब मुंबई के बल्लेबाज रोमारियो शेफर्ड ने उनकी बखिया उधेड़ी थी।
बिगड़ गए मिचेल स्टार्क के आंकड़े
आईपीएल ही नहीं, टी20 क्रिकेट के इतिहास में ये तीसरी बार हुआ है, जब मिचेल स्टार्क ने एक ओवर में 25 से ज्यादा रन खाए हों। ये सभी 25 से ज्यादा रन 2024 के बाद आए हैं। मिचेल स्टार्क ने टी20 क्रिकेट में सबसे महंगा ओवर जून 2025 में डाला था, तब उन्होंने एक ओवर में 29 रन दिए थे। आईपीएल 2024 के मुकाबले में केकेआर बनाम एसआरएच के मैच में भी मिचेल स्टार्क ने 26 रन खर्च कर दिए थे। तब स्टार्क कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे थे। इसके बाद अब ये दिन उन्हें देखना पड़ है। हालांकि इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने उन्हें गेंदबाजी से रोक दिया और जब विराट कोहली और फिल साल्ट के अलावा आरसीबी के चार विकेट गिर गए, तब उन्हें गेंदबाजी के लिए दोबारा से लाया गया। इससे समझा जा सकता है कि इन दो बल्लेबाजों ने कितना खौफ पैदा कर दिया था।








