
KKR vs CSK: आईपीएल में एमएस धोनी की कप्तानी में भले ही चेन्नई सुपर किंग्स अच्छा खेल नहीं दिखा सकी लेकिन केकेआर के खिलाफ मैच में धोनी एक बड़ा कीर्तिमान करने में कामयाब हो गए।
चेन्नई सुपर किंग्स टीम के कप्तान एमएस धोनी ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 8 मई को हुए मुकाबले में एक ऐसा इतिहास रच दिया जो अब तक वर्ल्ड क्रिकेट की इस सबसे बड़ी टी20 लीग में कोई भी खिलाड़ी बनाने में कामयाब नहीं हो सका। सीएसके ने जहां इस मुकाबले को 2 विकेट से अपने नाम किया तो वहीं धोनी के बल्ले से 18 गेंदों में 17 रनों की नाबाद पारी भी देखने को मिली। धोनी इस मैच में बतौर विकेटकीपर एक ऐसा आंकड़ा हासिल करने में कामयाब रहे जो आईपीएल में कोई भी खिलाड़ी नहीं हासिल कर सका है।
धोनी ने बतौर विकेटकीपर आईपीएल में पूरे किए 200 डिसमिसल
एमएस धोनी आईपीएल इतिहास में अब पहले ऐसे विकेटकीपर बन गए हैं जो 200 डिसमिसल पूरे करने में कामयाब हो गए हैं। धोनी ने ये उपलब्धि उस समय हासिल की जब उन्होंने नूर अहमद की गेंद पर सुनील नारायण को स्टंप आउट किया जो 17 गेंदों में 26 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे। धोनी ने अब तक आईपीएल में 276 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 153 कैच पकड़े हैं तो वहीं 47 स्टम्पिंग की है। धोनी के बाद इस लिस्ट में 174 डिसमिसल के साथ दिनेश कार्तिक का नाम है, जो पहले ही रिटायरमेंट ले चुके हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा डिसमिसल करने वाले विकेटकीपर
- एमएस धोनी – 200
- दिनेश कार्तिक – 174
- रिद्धिमान साहा – 113
- ऋषभ पंत – 100
आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में धोनी छठे नंबर पर
इंडियन प्रीमियर लीग में धोनी का विकेटकीपिंग में जहां कमाल देखने को मिला तो वहीं बल्लेबाजी में भी उनका रिकॉर्ड शानदार देखने को मिलता है, जिसमें धोनी ने 241 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 38.46 के औसत से कुल 5423 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट जहां 137.63 का देखने को मिला है तो वहीं उनके बल्ले से 24 अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिली हैं। धोनी का आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 84 रनों का है।








