
सीएसके ने जीटी को 83 रन से मात दी। इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने कभी ना भूलने वाले आईपीएल सीजन से विदाई ली। वहीं करारी शिकस्त के बाद गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल निराश दिखे। उन्होंने मैच के बाद बताया कि गुजरात ने कहां मैच गंवाया? गिल ने कहा कि टीम मिडिल ओवर्स में अच्छा नहीं खेल पाई।
‘पावरप्ले में ही गंवाया मैच’
हार के बाद शुभमन गिल ने कहा, मुझे लगता है कि पावरप्ले में ही हमने मैच गंवा दिया था। उसके बाद हमारी टीम वापसी नहीं कर पाई। दबाव में हम हमेशा शांत रहना चाहते हैं लेकिन आज के मैच में हम ऐसा नहीं कर पाए। पिछले कुछ मैचों में हम मिडिल ओवर्स के दौरान गेंदबाजी करते हुए विरोधी टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
‘मोहाली में खेलना रोमांचक’
गिल ने कहा, 230 रनों का पीछा करना हमेशा मुश्किल लक्ष्य होता है। पहले से ही बाहर हो चुकी टीमों के पास खोने के लिए कुछ नहीं होता और वे पूरी ताकत से खेलते हैं। इस हार को पचाना मुश्किल होगा, लेकिन अब हम फ्रेश मूड के साथ मोहाली में खेलेंगे। सौभाग्य से, मैं अपने घर वापस जा रहा हूं। मैंने वहां बहुत क्रिकेट खेला है और यह वास्तव में रोमांचक होने वाला है।
गुजरात का बिगड़ गया खेल
दो लगातार हार के बाद गुजरात टाइटन्स का टॉप-2 में रहना थोड़ा सा मुश्किल हो गया। उसे अब आरसीबी, पंजाब और मुंबई के मुकाबलों पर निर्भर रहना होगा। पंजाब और मुंबई के मुकाबले में जो भी टीम जीतेगी वह टॉप पर पहुंच जाएगी। वहीं, आरसीबी का मुकाबला लखनऊ से होना है। अगल आरसीबी जीती तो वह टॉप-2 में अपनी जगह पक्की कर लेगी।








