
रतलाम में बिहार पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के दो कर्मियों की मौत हो गई और दो 4 घायल हो गए। एसओजी की विशेष टीम छापेमारी करने के लिए स्कॉर्पियो एसयूवी में सवार होकर जा रही थी।
मध्य प्रदेश में रतलाम जिले के ऐटलेन इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बिहार पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम हादसे का शिकार हो गई। टीम जिस स्कार्पियो वाहन में सवार थी, वह अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत, 4 घायल
हादसे में मुकुंद मुरारी (सब-इंस्पेक्टर) और विकास कुमार (कांस्टेबल) की जान चली गई। चार अन्य पुलिसकर्मियों को तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन तेज रफ्तार में था और अचानक बैलेंस बिगड़ जाने के कारण पलट गया।
एसपी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे
रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर इलाज की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में कोई कसर न छोड़ी जाए।
गुजरात में एक अपराधी को पकड़ने जा रही थी टीम
जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस की एसओजी की टीम गुजरात के गांधीधाम में एक अपराधी को पकड़ने जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो रतलाम के पास आठ लेन वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पलट गया। इस दुर्घटना में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर है और उसे विशेष उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।








