
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भूमि सुधार और किसानों के कल्याण में उनके योगदान को याद किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसानों के विकास के लिए काम कर रही है। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विधान भवन परिसर में लगी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि पूरा देश चौधरी साहब काे भूमि सुधार, हदबंदी कानून को लागू करने, ग्रामीण विकास और अन्नदाता किसानों के मसीहा के रूप में याद करता है। यह प्रदेश का सौभाग्य है कि चौधरी साहब का सानिध्य प्रदेश वासियों को एक लंबे समय तक प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चरण सिंह ने प्रधानमंत्री, उप प्रधानमंत्री, गृह और वित्त मंत्रालय के दायित्व को बखूबी निभाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले 11 वर्षों से चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने के लिए ग्रामीण विकास और अन्नदाता किसानों के उत्थान के लिए लगातार कदम उठा रहे हैं। उन्होंने चौधरी साहब की स्मृतियों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, मेयर सुषमा खर्कवाल और मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह मौजूद थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर लिखा…”देश की समृद्धि का रास्ता गांव के खेत एवं खलिहानों से होकर जाता है। चौधरी चरण सिंह ”समृद्ध गांव” और ”सशक्त किसान” के लिए आजीवन समर्पित रहे। वे वंचितों के उत्थान, किसानों के कल्याण और ग्रामीण भारत की प्रगति के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करते रहे। डबल इंजन की सरकार उनके दिखाए मार्ग पर सतत आगे बढ़ रही है।”
Author: Red Max Media
Post Views: 178








