
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में विकेटकीपर जितेश शर्मा ने हवा में उड़ते हुए कैच पकड़ा। उनकी वजह से अजमतुल्लाह जजई को पवेलियन लौटना पड़ा।
आईपीएल 2025 के पहले क्वालीफायर में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने बहुत ही खराब प्रदर्शन किया है। टीम का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिककर बैटिंग नहीं कर पाया। इसी वजह से टीम सिर्फ 101 रनों पर ऑलआउट हो गई और पूरे 20 ओवर्स भी नहीं खेल पाई। आरसीबी के विकेटकीपर जितेश शर्मा ने मैच में एक बेहतरीन कैच पकड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हवा में उड़ते हुए पकड़ा कैच
आरसीबी के गेंदबाजों के आगे पंजाब किंग्स बल्लेबाज टिक नहीं पाए। आरसीबी के लिए सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड और यश दयाल ने अच्छी गेंदबाजी की। आरसीबी की टीम के लिए 15वां ओवर हेजलवुड ने फेंका। इस ओवर की पहली गेंद पर ही पंजाब के बल्लेबाज अजमतुल्लाह उमरजई ने बड़ा स्ट्रोक लगाने की कोशिश की। लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर ऊपर की तरफ जा रही थी। तभी विकेटकीपर जितेश हवा में उछले और उन्होंने लंबी छलांग लगाते हुए गेंद को कैच कर लिया। उन्होंने गेंद को पकड़ने के लिए बिल्कुल सुपरमैन वाला अंदाज अपनाया।
अजमतुल्लाह उमरजई के रूप में पंजाब किंग्स का 10वां विकेट गिरा। जितेश ने पंजाब किंग्स के ताबूत में आखिरी कील ठोक दी। आरसीबी के लिए जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। वहीं यश दयाल के खाते में दो विकेट चटकाए। इन गेंदबाजों की वजह से ही पंजाब किंग्स की टीम बड़ा स्कोर नहीं बना पाई।
तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक में पहुंचे
पंजाब किंग्स के लिए सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंच पाए। इनमें मार्कस स्टोइनिस (26 रन), अजमतुल्लाह उमरजई (18 रन) और प्रभसिमरन सिंह (18 रन) शामिल रहे। बाकी के बल्लेबाज क्रीज पर टिकने के लिए तरसते रहे। मुशीर खान और काइल जेमीसन अपना खाता तक नहीं खोल पाए। बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से ही पूरी टीम सिर्फ 101 रनों पर ही सिमट गई।








