
वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड ने 400 रनों का स्कोर बना दिया। लेकिन खास बात ये रही कि इसमें किसी भी बल्लेबाज का शतक नहीं है। वनडे क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। जो काम वनडे क्रिकेट में कभी नहीं हुआ था, वो कारनामा इंग्लैंड के सभी बल्लेबाजों ने मिलकर कर दिया है। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच अभी तो पहला ही वनडे मैच था, इसी में विश्व कीर्तिमान रच दिया गया है। मजे की बात ये है कि इंग्लैंड ने एक नहीं, बल्कि दो रिकॉर्ड बनाए हैं। जो अपने आप में एक अजूबा जैसा ही है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड ने बना दिए 400 रन, किसी भी बल्लेबाज का शतक नहीं
इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज शुरू हो चुकी है। इसके पहले ही मुकाबले में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने मिलकर 400 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया है। वनडे क्रिकेट इतिहास का ये 4880वां मुकाबला है। इससे पहले कभी नहीं हुआ कि किसी एक टीम ने पारी में 400 रन बनाए हों और इसमें किसी भी बल्लेबाज के 100 रन यानी शतक ना हो। टीम ने सभी बल्लेबाजों के दम पर ये अजूबा अपने नाम कर दिया। वैसे तो इससे पहले वनडे में कई बार 400 रन बने हैं, लेकिन तब किसी ना किसी बल्लेबाज का शतक जरूर होता था, लेकिन इस बार बिना सेंचुरी के 400 रन बन गए।
सात बल्लेबाजों ने बनाए 30 से अधिक रन
इतना ही नहीं, इंग्लैंड की टीम ने पहली बार ऐसा किया है, जब टीम के सात बल्लेबाजों ने पारी में 30 से अधिक रन बनाए हैं। यानी सभी बल्लेबाजों का खास योगदान इस स्कोर तक पहुंचने में रहा। अब जरा उन बल्लेबाजों के स्कोर भी जान लीजिए। सलामी बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने 24 बॉल पर 37 रन की शानदार पारी खेली, वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने 48 बॉल पर धमाकेदार 60 रन ही पाीर खेली। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जो रूट ने 65 बॉल पर 57 रन की एक सधी हुई पारी खेली। इसके बाद हैरी ब्रूक ने तो 45 बॉल पर ही 58 रन बनाने में कामयाबी हासिल की।
जॉस बटलर और बैथल का भी बल्ला चला
जॉस बटलर ने 32 बॉल पर 37 रन बनाए, वहीं जैकब बैथल ने 53 बॉल पर विस्फोटक अंदाज में 82 रन बना दिए। विल जैक्स नंबर सात पर बल्लेबाजी के लिए आए और 24 बॉल पर 39 रन ठोक दिए। यानी टॉप के सात बल्लेबाजों में से कोई भी 30 से कम के स्कोर पर आउट नहीं हुआ। सभी को शुरुआत मिली, लेकिन शतक तक भी कोई नहीं पहुंच पाया।
वेस्टइंडीज ने कभी चेज नहीं किया है 400 का आंकड़ा
वेस्टइंडीज के लिए ये स्कोर करीब करीब असंभव टाइप का है। अगर वेस्टइंडीज की टीम ये मैच जीत जाती है तो वो भी रिकॉर्ड होगा। वेस्टइंडीज की टीम ने अपने वनडे क्रिकेट के इतिहास में अब से छह साल पहले सबसे बड़ा स्कोर 328 रन का चेज किया था, ये स्कोर आयरलैंड के खिलाफ आया था, लेकिन तब से लेकर अब तक काफी बदलाव आ चुका है। जो काम आयरलैंड के खिलाफ किया गया था, वो इंग्लैंड के खिलाफ बहुत मुश्किल है। अगर वेस्टइंडीज जीत तो ये पहली बार होगा कि टीम ने 400 के स्कोर को भी चेज कर लिया है।








