
राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने जेएमएम को बड़ा झटका दिया है। चंपई सोरेन के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और झामुमो से निष्कासित नेता लोबिन हेम्ब्रम ने आज भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
हेमंत सोरेन की पार्टी झामुमो से निष्कासित नेता लोबिन हेम्ब्रम ने आज भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व सीएम चंपई सोरेन भी मौजूद रहे। बता दें कि लोबिन हेम्ब्रोम को इस साल की शुरुआत में जेएमएम से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था।

गीता कोड़ा भी भाजपा की सदस्य
इसके अलावा झारखंड के पूर्व सीएम मधु कोड़ा भी प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व सीएम चंपई सोरेन की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हो गये। उनकी पत्नी गीता कोड़ा भी इस साल की शुरुआत में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। वहीं झारखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर इसे झामुमो के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पहले चंपई सोरेन और अब लोबिन हेम्ब्रम ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है, जिससे राज्य में भारतीय जनता पार्टी को मजबूती मिली है।
बाबूलाल मरांडी ने दी बधाई
इस मौके पर झारखंड के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बीजेपी जॉइन करने वाले नेताओं को बधाई दी है। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, ‘झारखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता, पूर्व विधायक श्री लोबिन हेम्ब्रम जी ने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व एवं भारतीय जनता पार्टी की नीतियों में निष्ठा व्यक्त करते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा परिवार में आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।’
असम के सीएम ने चंपई को दिया न्यौता
वहीं इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि “कल चंपई सोरेन बीजेपी में शामिल हुए, इसलिए मैंने सोचा कि मुझे जाकर उन्हें शुभकामनाएं देनी चाहिए, इसलिए मैं सुबह आया और उनसे बात की। मैंने चंपई सोरेन को असम में आमंत्रित किया है। उन्हें मां कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भी आमंत्रित किया और मेरे घर पर भोजन करने के लिए भी आमंत्रित किया।”








