
रूस के राष्ट्रपति ने इस्तांबुल में हमें अल्टीमेटम दिया ना कि मेमोरेंडम, ये बयान दिया है यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि शांति के लिए मैं ट्रंप और पुतिन से मिलने को तैयार हूं।
रूस और यूक्रेन के बीच काफी समय से युद्ध जारी है। बीते दिनों दोनों देशों के बीच सीजफायर की संभावना बन रही थी। लेकिन दोबारा रूस द्वारा किए गए हमले के जवाब में यूक्रेन ने ऑपरेशन स्पाइडर वेब लॉन्च कर दिया, जिसमें रूस को काफी नुकसान हुआ है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर जानकारी साझा की है। जेलेंस्की ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, रूस द्वारा मारे गए यूक्रेनी बच्चों की याद में आयोजित कार्यक्रम में मैंने मीडिया से बात की। इंस्तांबुल में रूसियों ने हमें एक अल्टीमेटम दिया, ना कि कोई ज्ञापन। शांति के लिए नेताओं की बैठक की आवश्यकता है। मैं आने वाले दिनों में पुतिन के साथ-साथ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए तैयार हूं।
क्या बोले जेलेंस्की?
जेलेंस्की ने अपने एक दूसरे पोस्ट में सीजफायर को लेकर कहा कि रूसियों ने बैठक से पहले हमें अपना दस्तावेज नहीं सौंपा। लेकिन उन्होंने बाद में प्रेस में इसे लीक कर दिया। यह वही है जो हमें उनसे मिला है। साथ ही उन्होंने अभी तक हमारे उस दस्तावेज का जवाब नहीं दिया है, जिसें हमने बैठक से पहले पारित किया था। इसके अलावा जेलेंस्की ने इस्तांबुल की बैठक के संबंध में कहा कि दोनों देशों के बीच युद्धबंदियों के आदान-प्रदान के बारे में विचार-विमर्श किया गया था। रूस ने कहा कि वह इस सप्ताहांत में 1000 में से 500 सैनिकों को वापस देगा। इस पर हमारी सहमति बनी थी।
ऑपरेशन स्पाइडरवेब के बाद जेलेंस्की ने कही थी ये बात?
ऑपरेशन स्पाइडरवेब को अंजाम देने के बाद जेलेंस्की ने पुतिन को लेकर कहा कि, रूस क्या चाहता है, रूसियों ने अपना “ज्ञापन” किसी के साथ साझा नहीं किया है, हमारे पास यह नहीं है, तुर्की पक्ष के पास यह नहीं है, और अमेरिकी पक्ष के पास भी रूसी दस्तावेज नहीं है। इसके बावजूद, हम शांति की दिशा में कम से कम कुछ प्रगति हासिल करने की कोशिश करेंगे। आज, एक शानदार ऑपरेशन किया गया। इसकी तैयारी में डेढ़ साल से ज़्यादा का समय लगा। सबसे दिलचस्प बात यह है कि रूसी क्षेत्र में हमारे ऑपरेशन का “कार्यालय” उनके एक क्षेत्र में FSB मुख्यालय के ठीक बगल में स्थित था।








