
दूल्हे को पहनाने के लिए 14.50 लाख रुपए के नोटों की माला लाई गई थी। इसे लाने वाला शख्स जब रस्म पूरी होने के बाद इसे लेकर वापस जाने लगा तो एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और कार से निकले बदमाशों ने उससे ये माला लूट ली और फरार हो गए।
राजस्थान से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बदमाशों ने हथियारों के दम पर लूट की है। घटना एक शादी समारोह से नोटों की माला लेकर लौटते समय घटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
तावडू का रहने वाला साद खान शादी समारोह में दूल्हे को नोटों की माला पहनाने का काम करता है। इसके एवज में वह 8 से 10 हजार रुपए किराया वसूलता है। इसी काम के तहत एक जून को साद खान चूहड़पुर गांव में एक शादी समारोह में 14.50 लाख रुपए की नोटों की माला, दूल्हे को पहनाने के लिए लाया था। वह माला पहनाने की रस्म पूरी करने के बाद वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान एक क्रेटा गाड़ी में आए हथियारबंद बदमाशों ने उसकी बाइक को टक्कर मारी और नोटों की माला से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना खैरथल तिजारा जिले की भिवाड़ी चोपानकी थाना अंतर्गत चूहड़पुर गांव की है। यहां शादी समारोह में नोटों की माला लेकर पहुंचे दो व्यक्तियों से लूट की वारदात हुई। बताया जा रहा है कि चूहड़पुर गांव में 1 जून को आमिर नामक युवक की शादी समारोह में किशनगढ़बास से समसूदीन शादी समारोह में अपने परिवार के साथ शामिल हुआ था।
समसूदीन ने हरियाणा से करीब 14 लाख 50 हजार रुपए की नोटों की माला किराए पर मंगवाई थी। मौके पर माला लेकर पहुंचा साद नामक युवक, शादी के बाद अपनी माला को लेकर वापस जा रहा था। रास्ते में क्रेटा गाड़ी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और हथियार की नोक पर उसके पास से नोटों की माला लूट ली।
इस लूटपाट में माला के सप्लायर साद खान के सिर में चोट भी आई है। इस घटना के बाद पुलिस-प्रशासन चौंकन्ना हो गया है और आज भिवाड़ी अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अतुल साहू, डीएसपी कैलाश चौधरी, तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह भारी पुलिसबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और बारीकी से जांच की।
भिवाड़ी डीएसपी ने कही ये बात
भिवाड़ी डीएसपी कैलाश चौधरी ने बताया, ‘घटना 1 जून की है, जहां चूहड़पुर गांव में हरियाणा से करीब 14 लाख 50 हजार की माला किराए पर आई थी। अभी परिवादी साद ने मामला दर्ज करवाया है। उसके बयानों के आधार पर पुलिस बारीकी से जांच में लगी हुई है। जल्द ही इस पूरी घटना से पर्दा हट जाएगा।’








