
दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला पर बनी डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद हो गया है। पिता बलकौर सिंह ने डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग रोकने के लिए कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि डॉक्यूमेंट्री में उनके बेटे की निजी जानकारी और हत्या से जुड़े विषयों को बिना अनुमति के दिखाया गया है जिससे परिवार को मानसिक पीड़ा हो रही है और जांच प्रभावित हो सकती है।
बलकौर सिंह ने अपने पत्र में कहा कि यह डाक्यूमेंट्री उनके बेटे की आवाज, छवि और कहानी का गैरकानूनी उपयोग करती है, जिससे न केवल परिवार को आघात पहुंचेगा, बल्कि इससे सार्वजनिक अशांति और न्यायिक जांच में बाधा भी आ सकती है। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया कि इस अनधिकृत कार्यक्रम को रोका जाए और आयोजकों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आरोप लगाया है कि फिल्म में सिद्धू मूसेवाला की अप्रकाशित तस्वीरें, आवाज और व्यक्तिगत जानकारी का गैरकानूनी इस्तेमाल किया गया है। उनका कहना है कि इससे चल रही जांच प्रभावित हो सकती है और कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि डाक्यूमेंट्री बनाने के लिए उनसे कोई अनुमति नहीं ली गई है। यह डाक्यूमेंट्री मूसेवाला कतल केस को प्रभावित कर सकती है। बलकौर सिंह के अनुसार चैनल ने उन लोगों का इंटरव्यू लिया है जो हत्याकांड की एफआईआर में नामजद हैं। बलकौर सिंह ने कहा कि वह सोमवार को कोर्ट में भी याचिका दायर करेंगे।








