हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में हिंसक झड़प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुरक्षा गार्ड और प्रोफेसरों ने भांजी लाठियां; 20 छात्र घायल
हिसार के हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति नीति में बदलाव के विरोध में छात्रों और सुरक्षा गार्डों के बीच हिंसक झड़प हुई। छात्रों ने कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जिसके बाद मारपीट हुई। आरोप है कि वीसी आवास के सामने छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया जिसमें कई छात्र घायल हुए। घटना के बाद विश्वविद्यालय में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (हकृवि) में मंगलवार को हिंसक झड़प हुई। सुबह करीब साढ़े 11 बजे विश्वविद्यालय के बीएससी और फाइनल वर्ष के एग्रीकल्चर के विद्यार्थियों और सुरक्षा गार्ड कुलपति कार्यालय के बाहर आपस में भिड़ गए। हंगामा इतना बढ़ा कि कई छात्रों को कर्मियों ने पार्क में दौड़ा-दौड़ाकर व घेरकर पीटा।

रात होते-होते विद्यार्थियों में रोष फैल गया। वीसी आवास के सामने रात साढ़े 10 बजे के करीब कुलपति की गाड़ी घेरने पर विद्यार्थियों पर लाठियां चलाई गईं। आरोप है कि विश्वविद्यालय के सुरक्षा गार्ड और प्रोफेसरों ने लाठियां भांजी। कई विद्यार्थियों के इसमें सिर फूटे। इसमें 20 विद्यार्थियों को चोट आई हैं।

 

घायलों में दीपांशु, चक्सू बीएससी प्रथम वर्ष, मोहित, आनंद, विक्रम, अजय शामिल है। देर रात हकृवि में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मामले के अनुसार हकृवि में स्कॉलरशिप नीति में बदलाव किया गया है। इसके तहत पहले 7.5 सीजीपी से ज्यादा वाले सभी छात्रों को स्कॉलरशिप मिलती थी। मगर विश्वविद्यालय प्रशासन ने नीति को बदल दिया। अब 25 प्रतिशत छात्रों को ही यह स्कॉलरशिप की नीति का फायदा मिल रहा है।

विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से किए गए बदलाव का ही विद्यार्थी विरोध कर रहे हैं। इसी मुद्दे पर सोमवार को विद्यार्थियों की विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ बैठक बेनतीजा रही थी। इसके बाद मंगलवार सुबह विद्यार्थी कुलपति से मिलने उनके कार्यालय गए थे। वहां अंदर जाने पर गार्डों से बहस के बाद मारपीट हुई। छात्रों को पार्क में पीटने के वीडियो वायरल हुए तो रात तक छात्र फिर जुट गए। वीसी आवास की ओर जाते उनपर लाठीचार्ज हुआ। विवि प्रशासन ने गार्ड से मारपीट की बात कही है।

 

दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन (डूसू) के प्रधान रौनक खत्री ने भी हकृवि में छात्रों के साथ हुई मारपीट की वीडियो को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है। रौनक ने लिखा है कि हरियाणा सरकार रोजगार देने में फेल है, उस पर वह स्कॉलरशिप भी नहीं दे रही। वहीं, इस पोस्ट को कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने देर रात री-ट्वीट किया।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें