उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली में 45 तो पंजाब-राजस्थान में 47 डिग्री के पार तापमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए बुधवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से खुद को बचाने के लिए कदम उठाने की चेतावनी दी गई है। आईएमडी ने कहा कि बुधवार को दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है जबकि रात के वक्त भी पारा 29 डिग्री के आसपास रहेगा।
 देश भर में भीषण गर्मी का दौर जारी है। पंजाब के बठिंडा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक था। राजधानी दिल्ली में भी मौसम का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

वहीं, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी गर्मी तेवर दिखा रही है। प्रदेश में सबसे गर्म ऊना रहा, जहां मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। यहां तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। राजस्थान के गंगानगर में भी तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 

 

दिल्ली के लिए बुधवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए बुधवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से खुद को बचाने के लिए कदम उठाने की चेतावनी दी गई है। आईएमडी ने कहा कि बुधवार को दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि रात के वक्त भी पारा 29 डिग्री के आसपास रहेगा।

 

पंजाब में ऑरेंज अलर्ट

पंजाब में मंगलवार को लुधियाना का अधिकतम तापमान 45, चंडीगढ़, अमृतसर, पटियाला, फरीदकोट व गुरदासपुर का 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 13 जून तक राज्य में लू चलने की आशंका है। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भठिंडा में 47 डिग्री तक तापमान पहुंच गया।

हिमाचल के पांच जिलों में लू का प्रकोप

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को पांच जिलों ऊना, मंडी, कांगड़ा, बिलासपुर और कुल्लू में लू चली। शिमला भी सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। सुंदरनगर में 2019 के बाद 10 जून को सबसे अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो दिन गर्मी के तेवर और कड़े होने की आशंका जताई है।

 

दून में सीजन का सबसे गर्म दिन

उत्तराखंड में बीते एक सप्ताह से मौसम शुष्क है और चटख धूप खिलने से पारा कुलांचे भर रहा है। मंगलवार को दून में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा और इस वर्ष पहली बार पारा 39.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। कई अन्य मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। हालांकि, बुधवार से प्रदेश में वर्षा के आसार हैं, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

तेज हवाएं चलने को लेकर चेतावनी जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार बुधवार को उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल में आकाशीय बिजली चमकने, वर्षा के तीव्र दौर होने और तेज हवाएं चलने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

जम्मू-कश्मीर में भी प्रचंड गर्मी

जम्मू-कश्मीर में भी गर्मी प्रचंड रूप दिखा रही है। मंगलवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और लोग बेहाल दिखे। श्रीनगर में भी अधिकतम पारा 33.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, गर्मी से शुक्रवार तक राहत मिलने की संभावना नहीं है। पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा। 13-14 जून को बादल छाएंगे और हल्की वर्षा के आसार हैं।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें