
अहमदाबाद प्लेन हादसे की जगह पर आज पीएम मोदी पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घायलों से मुलाकात की। इस हादसे में कई महाराष्ट्र के लोगों ने भी जान गंवाई है।
अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में सवार कम से कम 10 लोग महाराष्ट्र के थे, जिनमें एक पायलट और चालक दल के सदस्य भी शामिल थे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह
जानकारी दी। गुरुवार दोपहर 230 यात्रियों और चालक दल के 12 सदस्यों को लेकर लंदन जा रहा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (AI171) अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक मेडिकल कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
महाराष्ट्र के 10 लोगों की गई जान
एक अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना में एक व्यक्ति बाल-बाल बच गया, जबकि विमान में सवार 241 लोग मारे गए और इनमें से 10 महाराष्ट्र के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि विमान के पायलट कैप्टन सुमित पुष्करराज सभरवाल (56) मुंबई के पवई इलाके के जल वायु विहार के निवासी थे और अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहते थे। फ्लाइट के सह-पायलट क्लाइव कुंदर मुंबई के पश्चिमी उपनगर के निवासी थे जैसा कि उनके सोशल मीडिया खाते से जानकारी मिली है। चालक दल के सदस्य दीपक पाठक ठाणे जिले के बदलापुर में रहते थे।
दीपक पाठक ने लंदन जाने से पहले मां से की बात
पाठक की बहन ने पहले बताया था कि लंदन जाने से पहले उन्होंने अपनी मां से बात की थी। उन्होंने बताया कि दीपक 11 साल से एअर इंडिया में काम कर रहे थे। चालक दल की एक अन्य सदस्य मैथिली पाटिल (23) नवी मुंबई के न्हावा गांव की रहने वाली थीं। मैथिली दो साल पहले एअर इंडिया में शामिल हुई थीं और उनके पिता मोरेश्वर पाटिल ओएनजीसी में ठेकेदार हैं।
गोरेगांव की रहने वाली थीं अपर्णा महादिक
न्हावा के एक पूर्व सरपंच ने बताया कि मैथिली ने लंदन जाने से पहले अपने पिता से बात की थी और शहर पहुंचने पर उन्हें फोन करने का वादा किया था। एक अन्य सदस्य अपर्णा महादिक (43) गोरेगांव की निवासी थीं और उनके पति भी एअर इंडिया में चालक दल के सदस्य के तौर पर काम करते हैं।
अपर्णा NCP नेता की थीं रिश्तेदार
अपर्णा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता सुनील तटकरे की रिश्तेदार थीं। रोशनी राजेंद्र सोंघरे डोंबिवली व सैनीता चक्रवर्ती जुहू कोलीवाड़ा की रहने वाली थीं और दोनों ही चालक दल के सदस्य के रूप में विमान में सवार थीं।
महादेव पवार और उनकी पत्नी आशा की भी गई जान
रोशनी के इंस्टाग्राम पर 54,000 से ज्यादा फॉलोअर्स थे और वह एक ‘ट्रैवल इन्फ्लुएंसर’ भी थीं। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में महादेव पवार (68) और उनकी पत्नी आशा (60) भी शामिल हैं, जो सोलापुर जिले के सांगोला के हातिद गांव के रहने वाले थे। पवार दंपति 15 साल पहले सांगोला छोड़कर गुजरात में बस गए थे और वे अपने बेटे से मिलने लंदन जा रहे थे। विमान में सवार यात्री यशा कामदार मोधा (32), नागपुर के व्यवसायी मनीष कामदार की बेटी थीं। वह अपने बेटे रुद्र व सास रक्षाबेन के साथ लंदन जा रही थीं और तीनों की दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
Author: Red Max Media
Post Views: 216








