२०२७ में बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की ओर होगा- अखिलेश यादव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। सपा की सरकार बनते ही बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की ओर होगा।

लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में मिली बढ़त के बाद से ही समाजवादी पार्टी के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अब मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया हो जाएगा। हालांकि, अखिलेश ने गोरखपुर को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है जिसपर बवाल भी मच सकता है। अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही पूरे प्रदेश के बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की तरफ होगा।

2027 में बनेगी समाजवादी सरकार- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होगा और देश की राजनीति उसके चुनावी परिणाम से प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में निर्दोष लोगों को सताया जा रहा हैं। किसान परेशान है। नौजवानों का भविष्य अंधकारमय है। समाज का हर वर्ग परेशान, बदहाल है। इसके बाद अखिलेश ने कहा कि 2027 में समाजवादी सरकार बनते ही पूरे प्रदेश के बुलडोजरों का रुख गोरखपुर की तरफ होगा।

भाजपा की सरकार में यूपी पिछड़ा- अखिलेश यादव

लखनऊ में डॉ0 राम मनोहर लोहिया सभागार में सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वह 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार को बेदखल कर सत्ता में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार में प्रदेश हर स्तर पर पिछड़ता चला गया है। विकास पूरी तरह अवरूद्ध है। जनता महंगाई, भ्रष्टाचार से त्रस्त है।

संविधान और आरक्षण के मुद्दे को और धार- अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान और आरक्षण के मुद्दे को और धार देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए जातीय जनगणना का होना आवश्यक है और समाजवादी पार्टी इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर ही जनता को तमाम समस्याओं से छुटकारा मिलेगा।

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें