
रांची में दस दिवसीय रथ यात्रा मेले की तैयारियां चल रही हैं। इस दौरान प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लागू रहेगा। ऐसे में दुकानदारों को भी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
शहर में 27 जून से शुरू होने वाली रथ यात्रा मेले की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। यहां रथ यात्रा मेला का आयोजन 10 दिनों तक किया जाएगा। यहां चल रही तैयारियों का लगातार जायजा लिया जा रहा है। इस बीच रथ यात्रा मेले के दौरान प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लागू रहेगा। रांची के उपायुक्त ने इसकी जानकारी दी है। इसके साथ ही दुकानदारों को भी प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध के बारे में जानकारी दी गई है और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। इससे पहले एसएसपी ने भी तैयारियों का जायजा लिया।
दस दिनों तक चलेगा रथ यात्रा मेला
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि प्रशासन ने 27 जून से शुरू हो रहे 10 दिवसीय रथ यात्रा मेले के दौरान प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। भजंत्री ने बताया कि मेले में सभी स्टॉल संचालकों और दुकानदारों को आदेश का सख्ती से पालन करने और पत्तों से बने उत्पादों, बांस की टोकरी और कागज से बने सामान जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी ने कहा, “इन उपायों से न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी, बल्कि मेले में साफ-सफाई बनाए रखने में भी सहयोग मिलेगा।”
तैयारियों का लिया गया जायजा
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, पुलिस उप महानिरीक्षक सह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर में आयोजित होने वाले रथ यात्रा मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। एसएसपी सिन्हा ने बताया कि मेले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा परिसर में ‘वॉच टावर’ और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। उपायुक्त ने यह भी बताया कि मेले के दौरान बिजली आपूर्ति, शौचालय, पेयजल, अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था की गई है।








