
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कच्ची दरगाह बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन पाया नंबर 23 के पास किया। लगभग 5000 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल 22.76 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 9.76 किलोमीटर गंगा नदी पर है।
कच्ची दरगाह बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार को पाया नंबर 23 के निकट किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पथ निर्माण विभाग के मंत्री नितिन नवीन ने किया। इस मौके पर पथ निर्माण विभाग के अधिकारी, पटना वैशाली, डीएम, एसपी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सीएम नीतीश कुमार पाया नंबर 23 के निकट उद्घाटन करने के बाद करीब 10 मिनट तक रूके उसके बाद पटना के लिए निकल गये।
5 हजार करोड़ की लागत से सिक्स लेन पुल का निर्माण
गौरतलब हो कि लगभग पांच हजार करोड़ रुपए की लागत से गंगा नदी पर कच्ची दरगाह बिदुपुर के बीच सिक्स लेन पुल का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 31 जनवरी 2016 को किया था।
उद्घाटन समारोह में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, तत्कालीन उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव, कई मंत्री और विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
लगभग 22.76 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन पुल को 2021 तक निर्माण कार्य पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन राघोपुर में बाढ़ और कुछ अन्य कारणों के चलते पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया।
यह पुल गंगा नदी पर लगभग 9.76 किलोमीटर जबकि, इसके पहुंच पथ की लम्बाई 13 किलोमीटर होगी। इस पुल के लिए 67 पाया का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है।
राघोपुर तक पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। जबकि, अक्टूबर 2025 तक पुरे पुल का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार का निर्देश है कि जल्द से जल्द पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए। राघोपुर तक सिक्स लेन पुल शुरू किये जाने से राघोपुर के लोगों को पटना आने-जाने में सहूलियत होगी। इस पुल के बन जाने से उत्तर बिहार से दक्षिण बिहार को जोड़ने का मजबूत विकल्प तैयार हो जाएगा।








