
भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। भारत की ओर से दूसरी पारी में केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शानदार शतक जड़ा।
भारत की ओर से लगे 5 शतक
ऋषभ पंत ने 130 गेंदों पर 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 130 गेंदों पर अपने टेस्ट करियर का 8वां शतक जड़ा। पंत के शतक जड़ते ही भारतीय टेस्ट क्रिकेट के 93 साल के इतिहास में बड़ा करिश्मा हो गया। दरअसल, भारत की ओर से एक टेस्ट मैच में पहली बार 5 शतक देखने को मिले हैं। लीड्स टेस्ट से पहले कभी भी टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने एक ही टेस्ट मैच में 5 शतक लगाने का बड़ा कारनामा नहीं किया था। इससे पहले भारत की ओर से एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा 4 शतक देखने को मिले थे। साल 2007 में मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों ने यह कमाल किया था।
केएल शतक बनाकर नाबाद
लीड्स टेस्ट की बात की जाए तो टीम इंडिया ने टी ब्रेक तक 4 विकेट खोकर 298 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं और उसकी बढ़त 304 रनों की हो चुकी है। ऋषभ पंत 118 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल 120 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, करुण नायर 4 रन बनाकर नाबाद हैं। टीम इंडिया की कोशिश आज पूरा दिन खेलने की होगी ताकि इंग्लैंड को 400 से ज्यादा रनों का टारगेट दिया जा सके।








