
लखीमपुर खीरी के धौरहरा वन रेंज में एक तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया लेकिन युवक ने तेंदुए को जमीन पर पटक दिया और उसके ऊपर चढ़कर उससे मुकाबला करने लगा। बाद में ये तेंदुआ मौके से भाग खड़ा हुआ।
यूपी के लखीमपुर खीरी से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक युवक और तेंदुए के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। लेकिन युवक ने बहादुरी दिखाई और पीछे नहीं हटा। वह भी पूरी दम से तेंदुए से भिड़ गया। इसका अंजाम ये हुआ कि तेंदुए को भागना पड़ा। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
लखीमपुर खीरी के धौरहरा वन रेंज में सोमवार को एक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। युवक भी पीछे नहीं हटा और पूरी दम से तेंदुए से भिड़ गया। काफी देर तक युवक और तेंदुए के बीच तनातनी होती रही। युवक ने पूरी दम लगाकर तेंदुए को जमीन पर पटक दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने तेंदुए पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इससे घबराया तेंदुआ फिर मौके से भाग निकला।
मिली जानकारी के मुताबिक, तेंदुए के हमले में कुछ लोग घायल हुए हैं। बाद में वन विभाग की टीम ने तेंदुए को काबू में किया और उसे धौरहरा रेंज मुख्यालय ले जाया गया। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया और फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
तेंदुए के बारे में रोचक तथ्य भी जानिए
तेंदुए बहुत फुर्तीले होते हैं और उनकी खाल पर रोसेट (गुलाबी धब्बे) होते हैं, जो उन्हें जंगल, घास या चट्टानों में छिपने में माहिर बनाते हैं। वह अपने शिकार को पेड़ पर चढ़कर खा सकते हैं और अपने वजन से दोगुना वजन उठा सकते हैं। वे मुख्य रूप से रात में शिकार करते हैं और उनकी आंखें अंधेरे में 6 गुना बेहतर देख सकती हैं।
एक तेंदुआ अपने क्षेत्र में 10 से 100 वर्ग किलोमीटर तक का दायरा रख सकता है। वह तैराकी में माहिर होते हैं और पानी में तैरने के साथ शिकार करने में भी कुशल होते हैं। वे 58 किमी/घंटा तक दौड़ सकते हैं और 6 मीटर तक की छलांग लगा सकते हैं।








