
अमेरिका के इडाहो में फायर फाइटर्स को निशाना बनाया गया है। घात लगाकर किए गए हमले में 2 अग्निशमन कर्मियों की मौत हो गई है। इस हमले में एक कर्मचारी घायल भी हुआ है।
अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की वीभत्स घटना हुई है। उत्तरी इडाहो के एक पर्वतीय इलाके में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे अग्निशमन कर्मियों पर बंदूकधारियों ने घात लगाकर हमला किया जिसमें कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई। इस हमले के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई है। हमले में एक कर्मचारी के घायल होने की भी खबर है। इडाहो के गर्वनर ब्रैड लिटिल ने इसे जघन्य हमला बताया है। अधिकारियों ने बताया कि बाद में बंदूकधारी भी मृत पाया गया। हालांकि अधिकारियों ने उसकी पहचान जारी नहीं की है।
जानें कब हुआ हमला?
कूटेनई काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बताया कि कोयूर डी’एलेन के ठीक उत्तर में ‘कैनफील्ड माउंटेन’ पर आग लगने की सूचना के बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे। कर्मचारी आग बुझाने के काम जुटे थे इसी दैरान गोलियों की आवाजें सुनाई दीं। शेरिफ बॉब नॉरिस ने बताया कि अधिकारियों के मुताबिक इस गोलाबारी में मारे गए 2 लोग अग्निशमनकर्मी थे। नॉरिस ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि और किसी को गोली लगी या नहीं।
‘डरे हुए हैं लोग’
नॉरिस ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमें नहीं पता कि वहां कितने संदिग्ध हैं और हताहत हुए लोगों की संख्या के बारे में भी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि संदिग्ध ने ही आग लगाई और यह एक साजिश के तहत किया गया हमला था। इसके कारण दमकलकर्मियों को संभलने का कोई मौका ही नहीं मिला।’’ शेरिफ ने कहा कि लोग डरे हुए हैं और अब भी पहाड़ी से नीचे आ रहे हैं, इसलिए अनुमान है कि ‘‘वहां ऊपर अब भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं।’’

‘यह जघन्य हमला है’
गवर्नर ब्रैड लिटिल ने कहा कि कई अग्निशमन कर्मियों पर हमला किया गया है। लिटिल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘‘यह हमारे बहादुर दमकल कर्मियों पर जघन्य हमला है। मैं सभी इडाहो निवासियों से अनुरोध करता हूं कि वो उनके और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करें।’’ जांचकर्ताओं का मानना है कि इस वारदात के पीछे संदिग्ध अकेले ही था।








