
स्वेज की खाड़ी में एक ऑयल ड्रिलिंग करने वाला जहाज पलट गया है। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद मिस्र की नौसेना खोज और बचाव अभियान में बड़ी भूमिका निभा रही है।
स्वेज की खाड़ी में तेल निकालने वाला एक जहाज पलट गया है। जहाज के पलट जाने की वजह से चालक दल के कम से कम चार सदस्यों की मौत हो गई है। इस हादसे में चार अन्य लापता भी बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बुधवार को इस हादसे के बारे में जानकारी दी है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि तेल निकालने वाला जहाज मंगलवार शाम को लाल सागर के उत्तर पश्चिमी भाग में था। बयान में कहा गया कि जहाज स्वेज की खाड़ी के अफ्रीकी हिस्से से सटे रास घरेब शहर के पास पलटा है।
खोज और बचाव अभियान में जुटी मिस्र की नौसेना
लाल सागर प्रांत के गवर्नर अमर हनाफी ने कहा कि जहाज जिस वक्त पलटा उस समय उसमें 30 कर्मचारी सवार थे। उन्होंने बताया कि बचाव दलों ने चार शव बरामद किए हैं और 22 अन्य को बचाया गया, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। हनाफी ने बताया कि मिस्र की नौसेना के जहाज खोज और बचाव अभियान में शामिल हो गए हैं।
क्यों पलटा जहाज?
अमर हनाफी ने बताया कि चालक दल के लापता चार सदस्यों की तलाश में रात भर तलाशी अभियान चलाया गया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जहाज के पलटने का कारण क्या था। मामले को लेकर अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है। हालांकि, स्थानीय मीडिया ने बताया कि जहाज जब पलटा तब उसे दूसरे क्षेत्र में खुदाई के लिए ले जाया जा रहा था।
दूसरे जहाजों पर नहीं पड़ा असर
पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया है कि घटना गैबेल एल-जीत नाम के क्षेत्र में हुई है। यह क्षेत्र स्वेज नहर के दक्षिण में लगभग 300 किलोमीटर (186 मील) की दूरी पर स्थित मिस्र का एक प्रमुख तेल उत्पादन स्थल है। नहर प्राधिकरण के प्रमुख एडमिरल ओसाम रबेई ने बताया कि जहाज पलटने से नहर से गुजरने वाले जहाजों पर कोई असर नहीं पड़ा है। स्वेज नहर स्वेज की खाड़ी को भूमध्य सागर से जोड़ती है। रबेई ने बुधवार को 33 जहाजों को वैश्विक जलमार्ग से गुजरना था जिसमें कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई है।








