लखनऊ के इस प्रसिद्ध मंदिर के तालाब में 4 क्विंटल मछलियां मरीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बुद्धेश्वर महादेव मंदिर के तालाब में हजारों मछलियों की मौत।
लखनऊ के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर के तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों के मरने का मामला सामने आया है। मंगलवार शाम अचानक एक के बाद एक कई मछलियां तड़प-तड़पकर मरने लगी।

श्री बुद्धेश्वर महादेव मंदिर लखनऊ के सबसे पुराने हिंदू मंदिरों में से एक है। इस मंदिर में साल भर भक्तों का तांता लगा रहता है। सावन के महीने में तो भक्तों की भीड़ दोगुनी हो जाती है। 11 जुलाई से सावन शुरू हो रहा है लेकिन उससे दो दिन पहले यहां से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बुद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित तालाब में हजारों मछलियां मृत मिली हैं। तालाब में एकाएक इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत से हड़कंप मच गया है।

मरी मछली खाने से कुत्ते की भी गई जान

पानी की सतह पर तैरती हजारों मछलियों को देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए और उन्होंने तुरंत मत्स्य विभाग को इसकी सूचना दी। रातभर लोगों ने अपनी तरफ से भी तालाब से मरी हुई मछलियों को बाहर निकाला और किनारे रख दिया। करीब 4 क्विंटल से ज्यादा मरी हुई मछलियां तालाब से बाहर निकाली गई हैं। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह मरी मछली खाने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई है।

ऑक्सीजन की कमी या कोई और वजह?

मौत का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। जहर देने से मौत हुई या कम ऑक्सीजन की वजह से, ये अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल मत्स्य विभाग के अधिकारी जांच में जुटे हैं। जांच के बाद ही वजह साफ होगी।

क्यों फेमस है ये मंदिर?

लखनऊ शहर के मोहन रोड पर स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर बेहद प्रसिद्ध शिव मंदिरों में से एक है। ऐसी मान्यता है कि इस मंदिर में स्वयं लक्ष्मण ने भगवान शिव की आराधना की थी। साथ ही बुधवार के दिन भोलेनाथ ने उन्हें दर्शन भी दिए थे। यही वजह है कि सभी शिव मंदिरों में जहां सोमवार को शिव जी की पूजा अर्चना होती है लेकिन यहां बुधवार को महादेव की विशेष पूजा और आरती की जाती है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें