
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और राहुल गांधी के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने बिहार में कांग्रेस के सीएम पद के चेहरों का नाम भी सुझाया।
बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारी में सभी दल जुट गए हैं। इस बीच निर्दलीय लोकसभा सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ एक बैठक की। इस दौरान पप्पू यादव बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदार चेहरों के बारे में भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को जानकारी दी। इस बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं बैठक के बाद पप्पू यादव ने कहा कि पार्टी उन्हें राज्य विधानसभा चुनाव में जो भूमिका देगी उसे निभाएंगे।
‘सीएम पद के चेहरों की कमी नहीं’
पत्रकारों से बात करते हुए राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि बिहार में कांग्रेस के पास मुख्यमंत्री पद के चेहरों की कोई कमी नहीं है। पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री पद के कांग्रेस के चेहरों का उल्लेख करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार और सांसद तारिक अनवर के नामों का उल्लेख भी किया। बता दें कि इस बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार और कई अन्य नेता भी शामिल थे। वहीं कांग्रेस मुख्यालय में बिहार चुनाव को लेकर हुई किसी बैठक में पप्पू यादव पहली बार शामिल हुए।
पप्पू यादव को मंच पर नहीं मिली थी जगह
बता दें कि कुछ दिन पहले ही पटना में विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ मार्च के दौरान कन्हैया कुमार के साथ पप्पू यादव को महागठबंधन के नेताओं वाले ट्रक पर नहीं चढ़ने दिया गया था। उस ट्रक पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सवार थे। इस घटना के बाद पप्पू यादव की राहुल गांधी से पहली बार मुलाकात हुई है। बता दें कि महागठबंधन की विशाल रैली इनकम टैक्स चौराहे से शुरू हुई थी। इन नेताओं ने अपने-अपने दलों के कार्यकर्ताओं के विशाल जनसमूह के बीच एक खुले वाहन में सवार होकर लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाला था।








