छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को 186 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। इसके साथ ही, उन्होंने जिले में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए 13.40 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कार्यों का भी ऐलान किया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को 186 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने सोमवार को सारंगढ़ के शासकीय लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में 96 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 90 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने जिले में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए 13.40 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कार्यों का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में सारंगढ़ के साथ अपने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि वे सांसद के रूप में यहां की सेवा लंबे समय तक कर चुके हैं और अब मुख्यमंत्री के तौर पर छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर भी जिक्र किया।
कई योजनाओं पर मुख्यमंत्री का ऐलान
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल धान खरीद रही है।
18 लाख प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण तेजी से हो रहा है, जिससे गांवों में राजमिस्त्री और सेंट्रिंग प्लेट की कमी महसूस होने लगी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश के 70 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है। उन्होंने दानसरा गांव का उदाहरण दिया, जहां महिलाओं ने इस राशि से राम मंदिर निर्माण की पहल की।
तेंदूपत्ता खरीदी के दाम बढ़ाए गए हैं और 5.62 लाख कृषि भूमिहीन मजदूरों को 10-10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
रामलला दर्शन योजना से अब तक 22 हजार श्रद्धालु अयोध्या के दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए किए कई ऐलान
भारत माता चौक से कोसीर चौक तक 5 करोड़ की लागत से गौरव पथ का निर्माण
सारंगढ़ में 3 करोड़ रुपये की लागत से पीजी कॉलेज भवन का निर्माण
नगर पालिका सारंगढ़ में 1 करोड़ रुपये से गार्डन का निर्माण
इंडोर स्टेडियम सारंगढ़ के जीर्णोद्धार के लिए 2.5 करोड़ रुपये
बालक छात्रावास सारंगढ़ की मरम्मत के लिए 1 करोड़ रुपये
नवीन जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए कक्ष निर्माण हेतु 40 लाख रुपये
बस स्टैंड सारंगढ़ में सुविधा विस्तार के लिए 50 लाख रुपये
राजस्व और जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि हमारी सरकार पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सभी जगह विकास कार्यों को गति देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में करोड़ों की विकास कार्यों की सौगात मिलने से यहां जनसुविधाओं में वृद्धि होगी।
सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ पीएम आवास जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है।
जगदलपुर विधायक किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी कार्यों को जमीन पर उतारने के साथ प्रदेश में विकास कार्यों को नई ऊंचाई देने का कार्य मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में निरंतर जारी है।सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को 186 करोड़ की सौगात मिली है, जो जिले में अधोसंरचना विकास को मजबूती प्रदान करेगी।








