मुंबई मोनोरेल की सेवाएं होंगी बंद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई मोनोरेल की सेवाएं होंगी बंद

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को कहा कि सिस्टम अपग्रेडेशन कार्य के लिए मुंबई में मोनोरेल सेवाएं 20 सितंबर से अगली सूचना तक निलंबित रहेंगी।

मुंबई में चलने वाली मोनोरेल सेवाएं 20 सितंबर से अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी। इसकी जानकारी देते हुए मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने बताया कि बार-बार तकनीकी खराबी के बाद सिस्टम में व्यापक सुधार के लिए कुछ दिनों के लिए मोनोरेल सेवाओं को निलंबित करने का फैसला किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नए रेक लगाए जाएंगे और मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त को सेवाएं फिर से शुरू करने से पहले कॉरिडोर का निरीक्षण करने के लिए बुलाया जाएगा।

पहले भी अस्थाई रूप से की गई थी सस्पेंड

यह दूसरी बार होगा जब मुंबई मोनोरेल अनिश्नितकाल के लिए पूरी तरह से बंद होगी। इससे पहले, 9 नवंबर, 2017 को मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास एक खाली ट्रेन में आग लगने के बाद यह सिस्टम लगभग नौ महीने तक सेवा से बाहर रहा था। सेवाएं 2018 के अंत में ही फिर से शुरू हुईं। विश्वसनीयता के मुद्दों को दूर करने के लिए एमएमआरडीए ने एक उच्च-स्तरीय समिति का भी गठन किया है जो मोनोरेल के प्रदर्शन और सुरक्षा में सुधार के उपाय सुझाएगी।

सोमवार को खराब हो गई थी मोनोरेल

इससे पहले सोमवार सुबह मुंबई में एक मोनोरेल ट्रेन तकनीकी खराबी के कारण अचानक रुक गई थी। इसके बाद उसमें सवार सभी 17 यात्रियों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना एक महीने से भी कम समय में दूसरी है। उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह 7:16 बजे एंटॉप हिल बस डिपो और वडाला में जीटीबीएन मोनोरेल स्टेशन के बीच हुई। सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार, उसमें सवार सभी 17 यात्रियों को तुरंत और सुरक्षित रूप से दूसरी ट्रेन में स्थानांतरित कर दिया गया और सुबह 7:40 बजे तक अगले स्टेशन पर पहुंचा दिया गया।

बता दें कि 19 अगस्त को भारी बारिश के बीच मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास एक मोनोरेल में 582 यात्री कई घंटों तक फंसे रहे, जिसके बाद मुंबई दमकल विभाग ने उन्हें बचाया। आचार्य अत्रे नगर स्टेशन पर एक और मोनोरेल ट्रेन फंस गई थी, जहां से 200 यात्रियों को निकाला गया।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Comments are closed.

और पढ़ें