नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट: उद्घाटन से पहले गौतम अडाणी ने कही बड़ी बात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट

बिजनेसमैन गौतम अडाणी ने एयरपोर्ट के विकास के लिए काम करने वाले दिव्यांग सहयोगियों, निर्माण श्रमिकों और अन्य स्टाफ सदस्यों के प्रयासों को सलाम किया और अपना आभार व्यक्त किया।

नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट अगले सप्ताह आम लोगों के लिए खुलने वाला है। इससे पहले अडाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अडाणी ने बुधवार को कहा कि यह एयरपोर्ट हजारों हाथों और दिलों से निर्मित एक स्मारक है। इस एयरपोर्ट का उद्घाटन 8 अक्टूबर को होना है। अडाणी ने हवाई अड्डे के विकास के लिए काम करने वाले दिव्यांग सहयोगियों, निर्माण श्रमिकों और अन्य स्टाफ सदस्यों के प्रयासों को सलाम किया और अपना आभार व्यक्त किया।

गौतम अडाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, “8 अक्टूबर को नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन से पहले, मैंने हमारे दिव्यांग सहयोगियों, निर्माण श्रमिकों, महिला कर्मचारियों, इंजीनियरों, कारीगरों, अग्निशमन कर्मियों और उन गार्डों से मुलाकात की, जिन्होंने इस विजन को साकार करने में मदद की। मैंने एक आश्चर्य की धड़कन महसूस की, एक स्मारक जो हजारों हाथों और दिलों से बना है।”

गौतम अडाणी का पोस्ट

अडाणी समूह के अध्यक्ष ने कहा, “जब लाखों फ्लाइट आसमान में उड़ान भरेंगी और अरबों लोग इन हॉलों से गुजरेंगे, तो इन लोगों की भावना हर उड़ान और हर कदम पर गूंजेगी और मैं उनके प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। जय हिंद।” नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा निजी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों यात्रियों को समायोजित करने के लिए डिजाइन किया गया है, जिसमें अत्याधुनिक सुविधाएं हैं।

 

नवी मुंबई एयरपोर्ट की खासियत

इस एयरपोर्ट में 3,700 मीटर का रनवे शामिल है जो बड़े वाणिज्यिक विमानों, आधुनिक यात्री टर्मिनलों और उन्नत हवाई यातायात नियंत्रण प्रणालियों को संभालने में सक्षम है। इससे प्रतिवर्ष 2 करोड़ यात्रियों को संभालने की उम्मीद है। यह मुंबई महानगर क्षेत्र और पश्चिमी भारत की बढ़ती हवाई यातायात मांगों को पूरा करने के साथ-साथ भारत की वैश्विक कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा।

किस जगह से कितनी है दूरी?

यह हवाई अड्डा जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) समुद्री बंदरगाह से 14 किमी, महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी), तलोजा औद्योगिक क्षेत्र से 22 किमी, मुंबई पोर्ट ट्रस्ट (मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक के माध्यम से) से 35 किमी, ठाणे से 32 किमी और पावरलूम शहर भिवंडी से 40 किमी दूर होगा।

कब शुरू होंगी फ्लाइट?

मंगलवार को हवाई अड्डे ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से हवाई अड्डा लाइसेंस प्राप्त करके एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी हासिल की, जो परिचालन शुरू करने के लिए आवश्यक है। इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइन उद्घाटन के साथ ही इस एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू कर सकती हैं। इसके बाद यहां से इंटरनेशनल और कमर्शियल फ्लाइट शुरू होने की संभावना है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Comments are closed.

और पढ़ें