ट्रंप ने दोहा की रक्षा वाले शासकीय आदेश पर किया हस्ताक्षर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति

अब अगर कोई देश कतर पर हमला करेगा तो अमेरिका जवाब देगा, ट्रंप ने दोहा की सुरक्षा के लिए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए

अब किसी देश ने अगर कतर पर हमला किया तो अमेरिका उस हमले का जवाब देगा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बाबत बुधवार को एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर किया है। इसके तहत ट्रंप ने कतर की संपूर्ण सुरक्षा का संकल्प लिया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने ऊर्जा संपन्न देश कतर की रक्षा के लिए अमेरिकी सैन्य कार्रवाई सहित विभिन्न कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई है।

इजरायल के दोहा पर हमले के बाद ट्रंप पर बढ़ गया था दबाव

पिछले दिनों कतर की राजधानी दोहा में हमास आतंकियों को निशाना बनाकर किए गए इजरायली हमले के बाद अमेरिका और ट्रंप पर कतर की रक्षा का दबाव बढ़ गया था। इसके बाद अब अमेरिका की ओर से यह कदम उठाया गया है। ताकि कतर के लोगों को अमेरिका सुरक्षा को लेकर आश्वस्त कर सके। इससे पहले कतर के सहयोगी देशों में भी अमेरिका के प्रति रोष पैदा हो गया था।

 

अमेरिका ने लिया कतर की रक्षा का प्रण

‘व्हाइट हाउस’ की वेबसाइट पर बुधवार को उपलब्ध इस आदेश की विषय-वस्तु ट्रंप द्वारा कतर के लोगों को आश्वस्त करने का एक और उपाय प्रतीत होता है, क्योंकि कुछ दिन पहले इजरायल ने हमास नेताओं को निशाना बनाकर कतर पर अचानक हमला किया था। आदेश में दोनों देशों के “घनिष्ठ सहयोग” और “साझा हित” का हवाला देते हुए ‘‘बाहरी हमले के विरुद्ध कतर की रक्षा और क्षेत्रीय अखंडता की गारंटी’’ देने का संकल्प जताया गया है। आदेश में कहा गया है, ‘‘अमेरिका कतर के क्षेत्र, संप्रभुता या महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर किसी भी सशस्त्र हमले को अमेरिका की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा मानेगा।’

 

जरूरत पड़ने पर सैन्य कार्रवाई भी करेगा अमेरिका

’ ट्रंप के इस शासकीय आदेश में कहा गया है कि हमले की स्थिति में अमेरिका अपने और कतर के हितों की रक्षा करने तथा शांति एवं स्थिरता बहाल करने के लिए सभी वैध और उचित कदम उठाएगा- जिसमें राजनयिक, आर्थिक और, यदि आवश्यक हो, तो सैन्य कार्रवाई भी शामिल हैं।’’ यह आदेश इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सोमवार को वाशिंगटन यात्रा के दौरान आया। ‘व्हाइट हाउस’ ने बताया कि इस यात्रा के दौरान नेतन्याहू ने उस हमले पर ‘‘गहरा खेद व्यक्त किया’’, जिसमें कतर के सुरक्षा बलों के एक सदस्य सहित छह लोग मारे गए थे। ट्रंप के आदेश पर कतर के अधिकारियों की फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं आई है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Comments are closed.

और पढ़ें