पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हुआ आतंकी हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हुआ आतंकी हमला

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में एक बार फिर आतंकी हमला हुआ है। आतंकियों ने यहां एक पुलिस चौकी को निशाना बनाया है जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है। एक जवान इस हमले में घायल भी हुआ है।

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को एक पुलिस चौकी पर आतंकवादियों के हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और अर्धसैनिक बल का एक जवान घायल हो गया। पुलिस ने इस हमले को बारे में जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, कोहाट जिले के दर्रा आदम खेल में टोर चप्पूर पुलिस चौकी पर रात करीब एक बजे अज्ञात हमलावरों ने कई तरफ से गोलीबारी की। गोलाबारी की वजह से पूरा इलाका थर्रा गया।

कोहाट के जिला पुलिस अधिकारी जाहिदुल्ला खान ने बताया कि पुलिस और हमलावरों के बीच ढाई घंटे तक चली गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई जबकि एक जवान घायल हो गया। जाहिदुल्ला ने बताया कि हमलावरों का लक्ष्य चौकी पर कब्जा करना था लेकिन उनका प्रयास विफल कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 3 विस्फोटक उपकरण जब्त कर लिए हैं और तलाशी अभियान जारी है।

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर ने की निंदा

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। कुंडी ने घायल अर्धसैनिक बल के जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। यह हमला खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में एक सैनिक के मारे जाने और एक अन्य के घायल होने के एक दिन बाद हुआ।

पहले भी हुए हैं हमले

खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा कर्मियों पर यह कोई पहला हमला नहीं है। यहां आतंकी घटनाएं लगातार देखने को मिली हैं। हाल ही में अज्ञात बंदूकधारियों ने ‘फ्रंटियर कॉर्प्स’ के एक वाहन पर घात लगाकर हमला किया था। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य घायल हो गया था। यह हमला बन्नू जिले में हुआ था जो उत्तर वजीरिस्तान से सटा हुआ है।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Comments are closed.

और पढ़ें