
करीब एक साल तक बिना सरकारी आवास के रहने के बाद दिल्ली के पूर्व सीएम और आप मुखिया अरविंद केजरीवाल को आखिरकार नया बंगला मिल गया है। उन्हें टाइप-VII श्रेणी का बंगला अलॉट किया गया है।
मुख्यमंत्री आवास छोड़ने के लगभग एक साल बाद आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को आखिर नया अलॉट हो गया है। यह फैसला दिल्ली हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के बाद आया है, जहां केजरीवाल ने एक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उपयुक्त आवास का अनुरोध किया था।
केजरीवाल को 95, लोधी एस्टेट स्थित टाइप VII बंगला अलॉट किया गया है, जहां अब वे रहेंगे। इससे पहले AAP ने केंद्र सरकार से उन्हें 35, लोधी एस्टेट स्थित बंगला देने का अनुरोध किया था जिसका इस्तेमाल मायावती करती थीं। लेकिन वह आवास जुलाई में ही केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को अलॉट कर दिया गया था।
लंबी जद्दोजहद के बाद मिला बंगला
सोमवार को सरकार ने आवास के आवंटन की जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि आप नेता सोमवार को नए आवास का निरीक्षण करने गए। लोधी एस्टेट में नया बंगला अलॉट होने से दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद केजरीवाल के आधिकारिक आवास के संबंध में लगभग 1 साल चली आ रही अनिश्चितता दूर हो गई है।
कैसा होता है टाइप-VII बंगला?
टाइप-VII बंगलों में आमतौर पर चार शयनकक्ष, बड़ा लॉन, एक गैरेज, तीन नौकरों के लिए क्वार्टर और कार्यालय के लिए जगह होती है। लगभग 5,000 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाले केजरीवाल के नए आवास में दो तरफ लॉन और कार्यालय है।

कौन-कौन होंगे केजरीवाल के पड़ोसी?
केजरीवाल के पड़ोसी अब कांग्रेस के शशि थरूर होंगे, जिनके पास बंगला 97 है। बंगला 94 और 96 सेना के अधिकारियों को आवंटित हैं। राजद की मीसा भारती और कांग्रेस की प्रियंका गांधी भी ज्यादा दूर नहीं रहतीं, उन्हें क्रमशः बंगला 82 और 81 अलॉट किया गया है।
अभी कहां रह रहे थे पूर्व CM?
17 सितंबर, 2024 को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से केजरीवाल बिना किसी स्थायी सरकारी आवास के हैं। 4 नवंबर को 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित अपने आधिकारिक आवास को छोड़ने के बाद, वह अस्थायी रूप से पंजाब से आप के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के 5, फिरोजशाह रोड स्थित घर पर रुके थे। केंद्र सरकार ने पहले दिल्ली हाईकोर्ट को बताया था कि केजरीवाल को 10 दिनों के भीतर आधिकारिक आवास मिल जाएगा।
स्टेट गेस्ट हाउस बनेगा ‘शीशमहल’ बंगला
इस बीच, दिल्ली सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों के केंद्र में रहे उस बंगले को कैंटीन युक्त राज्य अतिथिगृह के रूप में बदलने की योजना बना रही है जिसका जीर्णोद्धार अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहने के दौरान खुद उनके लिए किया गया था। सिविल लाइंस में फ्लैगस्टाफ रोड पर स्थित बंगला नंबर 6 में शहर के अन्य राज्य भवनों की भांति जल्द ही एक कैंटीन खुलेगी और वहां पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। यह सुविधा आम लोगों के लिए खुली रहेगी।








