
गुजरात में सीएम भूपेंद्रभाई पटेल आज अपने नए मंत्रिमंडल का गठन करेंगे। नई कैबिनेट में कई नए चेहरों को जगह मिल सकती है जबकि कई पुराने चेहरों का पत्ता कट सकता है।
गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नए मंत्रिमंडल का आज गठन होगा। सुबह साढ़े 11 बजे सभी मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। बता दें कि नए मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को जगह मिल सकती है जबकि कई पुराने चेहरों का पत्ता कट सकता है।
बता दें कि गुजरात में नई कैबिनेट के गठन से एक दिन पहले गुरुवार को सीएम भूपेंद्र पटेल को छोड़कर राज्य के सभी 16 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था। गुजरात मंत्रिमंडल में सीएम पटेल सहित 17 मंत्री थे। 8 कैबिनेट स्तर के मंत्री हैं जबकि इतने ही राज्य मंत्री (एमओएस) थे।
कितने नए मंत्री मिल सकते हैं?
पार्टी सूत्रों ने बताया कि लगभग 22 मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, जिनमें से मौजूदा मंत्रिमंडल के लगभग 6 मंत्रियों को बरकरार रखा जाएगा। बीजेपी अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा गुरुवार शाम गांधीनगर पहुंचे और उन्होंने सीएम पटेल तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की।
क्या है कैबिनेट गठन का नियम?
गुजरात के मंत्रिपरिषद में अब तक मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत 17 मंत्री थे। इनमें 8 कैबिनेट स्तर के मंत्री थे जबकि इतने ही राज्य मंत्री थे। आपको बता दें कि गुजरात विधानसभा कुल कुल 182 सदस्यों वाली है। इनमें से कुल संख्या के 15 प्रतिशत या 27 मंत्री हो सकते हैं। इसी महीने की शुरुआत में गुजरात सरकार में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा, केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल की जगह गुजरात भाजपा के अध्यक्ष बने थे। सीएम भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर, 2022 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ली थी।
PM मोदी संग हुई थी बड़ी बैठक
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात भाजपा के नेतृत्व, जिसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शामिल थे, उनके साथ लंबी बैठक की थी। इस बैठक में कैबिनेट विस्तार समेत संगठन की भूमिकाओं में नए चेहरों को शामिल करने पर चर्चा हुई थी। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि कार्यभार संभालने वाले सभी नए चेहरे गुजरात के लोगों से जुड़ें और अपनी भूमिका संभालने के तुरंत बाद उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दें।








