राजस्थान: डीजीपी ने दिए अपराधियों के खिलाफ राज्य भर में कारवाई के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजस्थान के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा

राजस्थान के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने राज्य स्तर पर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों राज्य स्तर पर कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

राजस्थान के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने शनिवार को राज्य के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में सक्रिय आपराधिक गिरोह और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ राज्य-स्तरीय अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कतई बदार्शत नहीं करने की नीति (जीरो टॉलरेंस) जारी रहेगी। पुलिस मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों को आदेश दिया कि धमकी, जबरन वसूली, गोलीबारी, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल गिरोह तथा उनके सरगनाओं पर तुरंत और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

आधिकारिक बयान के अनुसार डीजीपी ने कहा, ‘‘अपराधियों को हतोत्साहित करना और जनता में सुरक्षा की भावना बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए हर पुलिसकर्मी को अपनी पूरी क्षमता से कार्य करना होगा।’’ उन्होंने कहा कि अब कार्रवाई केवल अपराधियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे आपराधिक तंत्र को ध्वस्त किया जाएगा। डीजीपी ने निर्देश दिए कि आपराधिक गिरोह की पहचान कर उनके सदस्यों, सहयोगियों और सोशल मीडिया पर उन्हें ‘फॉलो’ या उनका प्रचार करने वालों तक पर भी कानूनी शिकंजा कसा जाए। बैठक में जिलों और रेंज के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठित अपराधियों की स्थिति तथा उन्हें निष्क्रिय करने की कार्ययोजना प्रस्तुत की।

टीम वर्क के साथ करें काम

DGP राजीव कुमार शर्मा ने बीएनएस की धारा 111 के तहत गैंग के सक्रिय सदस्यों पर कार्रवाई करने, उनकी अवैध संपत्तियां जब्त करने, वित्तीय स्रोतों पर प्रहार करने और सहयोगियों को कानूनी दायरे में लाने की रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरी राजस्थान पुलिस को ‘टीम वर्क’ के साथ काम करने, आधुनिक प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग करने और सूचना साझाकरण को मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि अपराधियों को जड़ से समाप्त किया जा सके। इस बैठक में ‘एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स’ (एजीटीएफ) के प्रभारी दिनेश एम एन, अपर पुलिस महानिदेशक बीजू जॉर्ज जोसफ, जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल, एडीजी (अपराध) हवा सिंह, एटीएस/एसओजी व अपराध शाखा के अधिकारी, बीकानेर, अजमेर और जोधपुर रेंज के अधिकारी तथा 15 जिलों के पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Comments are closed.

और पढ़ें