जापान के हवाई अड्डे पर फटा बम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जापान के हवाई अड्डे पर फटा बम
जापान के एक हवाई अड्डे पर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब अचानक एक विशाल बम विस्फोट हो गया। जांच में पता चला कि यह बम द्वितीय विश्वयुद्ध के समय का था, जिसे अमेरिका ने जापान पर गिराया था।

जापान के हवाई अड्डे पर उस वक्त हड़कंप मच गया। जब यहां जमीन में दफन द्वितीय विश्व युद्ध के समय का एक बम अचानक फट गया। इससे जमीन में विशाल गड्ढा हो गया। इससे एयरपोर्ट के अधिकारियों और हवाई यात्रियों की हवा खराब हो गई। जांच में पता चला कि यह एक अमेरिकी बम था, जो जापानी हवाई अड्डे पर द्वितीय विश्वयुद्ध के समय से दफन था, लेकिन आज उसमें विस्फोट हो गया। इससे ‘टैक्सीवे’ में बड़ा गड्ढा हो गया और 80 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जापानी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह बम ऐसे वक्त फटा है, जब दुनिया तीसरे विश्व युद्ध की आहट महसूस कर रही है।

जापान में फटा द्वितीय विश्व युद्ध का बम (फाइल)- India TV Hindi

भूमि एवं परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी जापान के मियाज़ाकी हवाई अड्डे पर जब बम विस्फोट हुआ, तब वहां कोई विमान नहीं था। इससे बड़ा हादसा होते बच गया। अधिकारियों ने बताया कि आत्मरक्षा बलों और पुलिस द्वारा की गई जांच से पुष्टि हुई है कि विस्फोट 500 पाउंड के अमेरिकी बम से हुआ था और अब कोई खतरा नहीं है। वे यह पता लगा रहे हैं कि अचानक विस्फोट किस वजह से हुआ। पास के एक एविएशन स्कूल द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में विस्फोट से डामर के टुकड़े हवा में फव्वारे की तरह उछलते हुए दिखाई दिए।

विस्फोट के बाद हुआ गड्ढा

जिस जगह पर बम विस्फोट हुआ, वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया। जापानी टेलीविज़न पर प्रसारित वीडियो में ‘टैक्सीवे’ में एक गहरा गड्ढा दिखाई दिया। मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी ने कहा कि हवाई अड्डे पर 80 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं तथा उम्मीद है कि बृहस्पतिवार सुबह तक परिचालन फिर से शुरू हो जाएगा। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना द्वारा गिराए गए कई बम बरामद हुए हैं, जो नहीं फटे हैं।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें