महाराष्ट्र सरकार का बड़ी राहत वाला फैसला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रतीकात्मक तस्वीर
मुंबई में एंट्री के सभी टोल बूथों पर हल्के मोटर वाहनों के लिए होगा टोल माफ; विधानसभा चुनाव का ऐलान होने से पहले महाराष्ट्र सरकार ने टोल टैक्स हटा दिया है। मुंबई के पांच टोल नाका पर लाइट मोटर व्हीकल (कार) को टोल नहीं भरना होगा।

महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार ने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में दो अहम फैसले लिए हैं। मुंबई के पांच टोल नाका पर लाइट मोटर व्हीकल (कार या उससे छोटे वाहन) का टैक्स माफ कर दिया गया है। यह फैसला सोमवार (14 अक्टूबर) रात 12 बजे से लागू होगा। इसके साथ ही महाराष्ट्र स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी का नाम बदलने का फैसला किया गया है। यह यूनिवर्सिटी अब रतन टाटा के नाम से जानी जाएगी।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री दादा भूसे ने बताया “महाराष्ट्र सरकार की मंत्रिमंडल बैठक में आज एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। मुंबई के पांच टोल नाकों (वाशी, ऐरोली, मुलुंड , ठाणे ,दहिसर) पर लाइट व्हीकल का टोल माफ किया है। रात 12 बजे से यह फैसला लागू होगा। तकरीबन 2 लाख 80 हजार लाइट वेहकल को इस टोल माफी का फायदा होगा। लंबे समय से लोगो की मांग थी कि टोल माफ किया जाए और लोगो की मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने टोल माफी का निर्णय लिया है।

रतन टाटा को सम्मान

दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के सम्मान में महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला किया है। महाराष्ट्र स्किल डेवलपमेंट यूनिवर्सिटी को अब रतन टाटा के नाम से जाना जाएगा। रतन टाटा के निधन के बाद महाराष्ट्र सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार भी करवाया था। नौ अक्टूबर (बुधवार) को देर रतन टाटा का निधन हो गया था। वह 86 वर्ष के थे। रतन टाटा ने अपना पूरा जीवन देश को बेहतर करने और भारत को नई पहचान दिलाने में लगा दिया। इस वजह से उनके निधन के बाद उनकी स्मृति में यह फैसला लिया गया है।

चुनाव से पहले अहम फैसला

महाराष्ट्र में अगले महीने चुनाव पूरे होने हैं। ऐसे में जल्द ही चुनाव आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आज (14 अक्टूबर, सोमवार) के दिन ही चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव की घोषणा कर सकता है। इससे ठीक पहले शिंदे सरकार ने यह अहम फैसला लिया है। महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो रहा है और चुनाव आयोग का कहना है कि इससे पहले राज्य में चुनाव पूरे हो जाएंगे।

लोकसभा में एनडीए को हुआ था नुकसान

लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को महाराष्ट्र में तगड़ा झटका लगा था। वहीं, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस की अगुआई में विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में महाराष्ट्र सरकार ने लाडली बहिन योजना से लेकर टोल टैक्स माफ करने तक कई तरीके अपनाए हैं।

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें