

उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के स्टार प्रचारक होंगे। पार्टी ने फिलहाल बाहर से किसी बड़े नेता को नहीं बुलाया है। मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव के बाद ही सभी सीटों के लिए प्रभारी मंत्रियों की तैनाती कर दी थी। प्रदेश में फूलपुर कटेहरी कुंदरकी गाजियाबाद खैर करहल सीसामऊ व मझवां की सीटों पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
प्रदेश में फूलपुर, कटेहरी, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, करहल, सीसामऊ व मझवां की सीटों पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। मीरापुर की सीट भाजपा ने राष्ट्रीय लोक दल को दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव की कमान अपने हाथों में ले रखी है।

मुख्यमंत्री होंगे स्टार प्रचारक
फिलहाल पार्टी ने मुख्यमंत्री को ही चुनाव का स्टार प्रचारक बनाया है। उम्मीदवारों से मुख्यमंत्री की रैली करवाने के लिए तिथियों की जानकारी मांगी है। वहीं प्रभारी मंत्रियों को रोटेशन के हिसाब से चुनाव तक अपने-अपनी सीटों पर ही रहकर चुनावी तैयारियां करवाने के निर्देश दिए गए हैं।उम्मीदवारों की मांग व प्रभारी मंत्रियों की सिफारिश के अनुसार संबंधित विधानसभा सीटों पर दीपावली के बाद युद्ध स्तर पर प्रचार की रणनीति तय की जा रही है। इस बारे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि फिलहाल मुख्यमंत्री की रैलियों व जनसभाओं की तिथियां तय की जा रही हैं। इसके अलावा दोनों उप मुख्यमंत्रियों व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा मंत्रियों को भी जातीय व सामाजिक समीकरणों के आधार पर संबंधित सीटों पर प्रचार के लिए भेजा जाएगा।
सपा ने भी जारी की स्टार प्रचारकों की सूची
नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए सपा ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, पूर्व मंत्री व राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और आजम खां के नाम भी शामिल हैं।
सपा ने प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव की ओर से चुनाव आयोग को पार्टी के स्टार प्रचारकों की जो सूची सौँपी है, उसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय महासचिव मो.आजम खां, सांसद डिंपल यादव, जया बच्चन, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, रामजी लाल सुमन, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, हरेन्द्र मलिक, लालजी वर्मा का नाम शामिल है।
