
हिजबुल्लाह ने अपने नए नेता का चुनाव कर लिया है। डिप्टी सेक्रेटरी नईम कासिम को हसन नसरल्लाह के उत्तराधिकारी के रूप में चुना गया है। हसन नसरल्लाह इजरायल के हमले में मारा गया था।
मारे गए हिजबुल्लाह के नेता
इजरायल ने हिजबुल्लाह के शीर्ष नेतृत्व को लगभग खत्म कर दिया है। मारे गए नेताओं में हिजबुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह, संस्थापक सदस्य फौद शुकर, शीर्ष कमांडर अली कराकी, केंद्रीय परिषद के उप प्रमुख नबील कौक, ड्रोन यूनिट प्रमुख मोहम्मद सरूर, मिसाइल यूनिट चीफ इब्राहिम कुबैसी, ऑपरेशन कमांडर इब्राहिम अकील और वरिष्ठ कमांडर मोहम्मद नासिर शामिल हैं।
इजरायल को दी है चेतानी
हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की इजरायली एयरस्ट्राइक में मौत के बाद से कासिम ने तीन भाषण दिए हैं। पहला भाषण बेरूत में रिकॉर्ड किया गया था, जबकि दूसरा और तीसरा भाषण तेहरान में दिया गया था। 15 अक्टूबर को कासिम ने इजरायल को चेतावनी देते हुए इस बात का संकेत दिया कि जब तक युद्ध विराम नहीं हो जाता, हिजबुल्लाह अपना अभियान बंद नहीं करेगा।
कौन है नईम कासिम?
नईम कासिम हिजबुल्लाह के शुरुआती सदस्यों में से एक है। 1970 के दशक में उसने लेबनान की यूनिवर्सिटी से रसायन विज्ञान में पढ़ाई की। इसके साथ ही इस्लामी विद्वान अयातुल्लाह मोहम्मद हुसैन फदलल्लाह के अधीन धार्मिक अध्ययन भी किया। 1974 से 1988 तक नईम कासिम ने एसोसिएशन फॉर इस्लामिक धार्मिक शिक्षा के प्रमुख के रूप में काम किया। कासिम हिजबुल्लाह के स्कूलों के नेटवर्क पर नजर रखता था। 1991 में उसे समूह का उप महासचिव के रूप में चुना गया। वह हिजबुल्लाह की शूरा परिषद नाम की कार्यकारी परिषद का सदस्य है।








