भारतीय रेल ने अपनी सेवा में मिसाल कायम की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रतीकात्मक तस्वीर

भारतीय रेलवे ने मुंबई से गुवाहाटी जा रहे एक दूल्हे और उसके बारातियों की वक्त पर ट्रेन पकड़ने के लिए मदद की। मामला तब सामने आया जब दूल्हे के रिश्तेदार ‘एक्स’ पर पोस्ट कर रेलवे अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई।

भारतीय रेलवे ने एक बेहद सहानुभूतिपूर्ण कदम उठाया, जब मुंबई से गुवाहाटी जा रहे एक दूल्हे और उसके बारातियों की वक्त पर ट्रेन पकड़ने के लिए मदद की। यह घटना शुक्रवार को हावड़ा रेलवे स्टेशन पर हुई, जब मुंबई से आ रही गीतांजलि एक्सप्रेस को समय पर हावड़ा स्टेशन पहुंचाने के लिए रेलवे अधिकारियों ने सरायघाट एक्सप्रेस को कुछ मिनटों के लिए रोके रखा, ताकि दूल्हा और उसके रिश्तेदार गुवाहाटी जाने वाली ट्रेन में सवार हो सकें।

रेलवे अधिकारियों से लगाई थी मदद की गुहार 

मामला तब सामने आया जब दूल्हे के रिश्तेदार चंद्रशेखर वाघ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर रेलवे अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई। वाघ ने बताया कि वह मुंबई-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे, जो निर्धारित समय से कुछ देर से चल रही थी। वाघ को डर था कि हावड़ा पहुंचने पर वह असम जाने वाली सरायघाट एक्सप्रेस पकड़ने में नाकाम हो जाएंगे, जो शाम 4:00 बजे हावड़ा से रवाना होने वाली थी।

इसके बाद चंद्रशेखर की पोस्ट के आधार पर हावड़ा के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को भारतीय रेलवे के उच्च अधिकारियों से आवश्यक निर्देश मिले। रेलवे अधिकारियों ने तत्परता से कदम उठाए और सरायघाट एक्सप्रेस को कुछ मिनटों के लिए रोके रखा। साथ ही, गीतांजलि एक्सप्रेस को तेज गति से हावड़ा स्टेशन पर पहुंचने का निर्देश दिया गया।

गुवाहाटी के लिए रवाना हुई सरायघाट एक्सप्रेस

गीतांजलि एक्सप्रेस शाम 4:08 बजे हावड़ा पहुंची और उसके बाद अधिकारियों ने बैटरी चालित वाहनों की मदद से बारातियों को प्लेटफॉर्म नंबर-24 से प्लेटफॉर्म नंबर-9 तक पहुंचाया, जहां सरायघाट एक्सप्रेस खड़ी थी। बारातियों के ट्रेन में सवार होने के बाद सरायघाट एक्सप्रेस को गुवाहाटी के लिए रवाना किया गया, जो कुछ मिनटों की देरी से गुवाहाटी के लिए चल पड़ी।

“यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि इस तरह की मदद करें”

पूर्व रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हम दोनों ट्रेनों के यात्रियों से सहयोग और समझदारी की उम्मीद करते हैं, और रेलवे ने यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया कि दूल्हा अपनी शादी में समय पर पहुंच सके।” अधिकारी ने यह भी कहा, “यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम इस तरह की मदद करें।”

पूर्व रेलवे ने अपनी आधिकारिक सोशल मीडिया पर भी इस घटना की जानकारी देते हुए लिखा, “भारतीय रेलवे ने सरायघाट एक्सप्रेस को कुछ मिनटों के लिए हावड़ा रेलवे स्टेशन पर रोके रखा, ताकि गीतांजलि एक्सप्रेस से आ रहे ‘दूल्हा’ और बाराती गुवाहाटी के लिए अपनी ट्रेन पकड़ सकें। बारातियों ने इस मदद के लिए रेलवे का धन्यवाद किया।”

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें