
IND vs AUS ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में भारतीय टीम 150 रन पर सिमट गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। टीम नियमित अंतराल में विकेट खोती चली गई। कोई भी भारतीय बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं लगा पाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से हेजलवुड ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट मैच पर्थ में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 5 घंटे में 150 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों के आगे भारत की एक नहीं चली। कोई भी भारतीय बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया। नीतीश रेड्डी ने सबसे ज्यादा 41 रन की पारी खेली। गौतम गंभीर के सभी एक्सपेरिमेंट फेल रहे।
गौतम गंभीर ने पहले टेस्ट के लिए प्लेइंग 11 में काफी सारे प्रयोग किए। अभिमन्यू ईश्वरन को प्लेइंग 11 में मौका नहीं दिया गया। ईश्वरन घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बना रहे थे। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की। ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला टेस्ट खेल रहे यशस्वी खाता तक नहीं खोल पाए। वहीं 3 नंबर पर बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल का भी खाता नहीं खुला। दूसरी ओर सरफराज खान मैच में पानी पिलाते रह गए।
गंभीर ने रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा को बेंच पर बैठाकर वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया। सुंदर ने 15 गेंदों पर सिर्फ 4 रन बनाए। इस टेस्ट में नीतीश रेड्डी और हर्षित राणा ने डेब्यू किया। रेड्डी ने 59 गेंदों पर 41 रन और राणा ने 5 गेंदों पर 7 रन बनाए। भारत की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों का कहर देखने को मिला। कंगारू तेज गेंदबाजों ने सभी 10 विकेट अपने नाम किए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए। हेजलवुड ने 13 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 29 रन खर्च किए। इस दौरान उन्होंने 5 मेडन ओवर भी किए। उनके अलावा मिचेल स्टार्क, कप्तान पैट कमिंस और मिचेल मार्श के खाते में 2-2 विकेट आए।
Author: Red Max Media
Post Views: 24








