
संसद परिसर में प्रदर्शन के दौरान बवाल, दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित; विपक्षी नेता अमित शाह से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बीजेपी सरकार संविधान का सम्मान नहीं करती है। हालांकि, अमित शाह ने इसे एक सपना करार दिया है।
संसद के शीतकालीन सत्र में गुरुवार (19 दिसंबर) को भी हंगामा होने के आसार हैं। विपक्षी सांसदों ने पहले ही संसद भवन के अंदर प्रदर्शन करने की तैयारी कर ली है। बुधवार के दिन भी विपक्षी नेताओं ने जमकर हंगामा किया था। इसके बाद सदन की कार्रवाई रद्द करनी पड़ी थी। गृहमंत्री अमित शाह ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर राज्यसभा में जो बयान दिया था, उसी को लेकर विपक्ष बवाल कर रहा है। अमित शाह ने विपक्षी दलों के नेताओं पर बाबा साहेब के नाम का दुरुपयोग अपने फायदे के लिए करने का आरोप लगाया था। हालांकि, विपक्ष का कहना है कि गृह मंत्री बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया है। संसद का शीतकालीन सत्र 20 दिसंबर को खत्म हो सकता है।
घटनाक्रम :
११:२०: संसद भवन में प्रदर्शन और धक्का मुक्की के बीच राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। दोनों पक्षों के सांसद
एक-दूसरे पर संविधान का अपमान करने के आरोप लगा रहे हैं। अब दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर दो बजे शुरू होगी। हालांकि, दोपहर में संसद
में चर्चा होने के आसार बेहद कम दिख रहे हैं।
११:१०: बाबा साहेब अंबेडकर को लेकर अमित शाह के बयान पर संसद में जमकर हंगामा हो रहा है। गुरुवार के दिन लोकसभा की कार्यवाही पूर्व सांसद
ई.वी.के.एस. एलंगोवन को श्रद्धांजलि देने के बाद दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
११:००: संसद परिसर में प्रदर्शन के दौरान जमकर बवाल हुआ। राहुल गांधी का कहना है कि उन्हें संसद भवन के अंदर जाने से रोका जा रहा था। वहीं, बीजेपी
सांसद प्रताप सारंगी ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने उन्हें धक्का मारा। इस दौरान वह नीचे गिर गए। इससे उन्हें चोट आई है। कांग्रेस ने भी
प्रत्यारोप करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ धक्का-मुक्की हुई है।
१०:५० : इंडिया अलायंस के सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार की दीवार पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने तख्तियां लेकर नारे लगाए और
राज्यसभा में बाबासाहेब अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने और इस्तीफे की मांग की।
१०:४५: इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने संसद परिसर में बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष विरोध मार्च निकाला। वे राज्यसभा में बाबासाहेब अंबेडकर पर
की गई टिप्पणी के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने और इस्तीफा देने की मांग करते हुए मकर द्वार तक मार्च करेंगे।








