
लद्दाख के पैंगोंग झील के किनारे छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया है। 14300 फीट की ऊंचाई पर स्थापित यह प्रतिमा न केवल छत्रपति शिवाजी को श्रद्धांजलि है बल्कि भारतीय सीमा की सुरक्षा के प्रति सेना के मजबूत इरादों का संदेश देती है। यह प्रतिमा वीरता दूरदर्शिता और अटल न्याय की प्रतीक है।
डेमचोक और देपसांग में हुआ था समझौता
खास बात यह है कि यह अनावरण हाल में भारत और चीन के बीच हालिया बातचीत के बाद डेमचोक और देपसांग क्षेत्रों में सेना हटाने के समझौते के बाद हुआ है। इसे दोनों देशों में तनाव कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ठंड भी नहीं रोक पा रही सेना के कदम
लद्दाख की खून जमाने वाली ठंड, बर्फीले तूफान, हिमस्खन के खतरे और चीन व पाकिस्तान के षड्यंत्रों के बावजूद भारतीय सैनिक दृढ़ता से सीमाओं पर डटे हैं। लेह के ऊपरी इलाकों में माइनस 20 डिग्री तापमान से नीचे के तापमान में सेना के कांबेट इंजीनियर्स आपरेशनल तैयारियों को धार दे रहे हैं।
कांबेट इंजीनियर्स अभ्यास के दौरान सेना के काफिलों को सीमा तक पहुंचाने के लिए कम समय में पुल बनाने का प्रशिक्षण दे रहे हैं। दूसरी ओर सियाचिन ग्लेशियर व पूर्वी लद्दाख के उच्चतम इलाकों में सैनिक इस समय नियंत्रण रेखा पर विशेष पेट्रोलिंग कर सर्तकता के उच्चतम स्तर का प्रदर्शन कर रहे हैं। युद्ध के मैदान में कांबेट इंजीनियर्स अहम भूमिका निभाते हुए। उनकी जिम्मेदारी होती है कि सेना के सीमा की तरफ बढ़ते कदम में कोई बाधा न आए।








