प्रशांत किशोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रशांत किशोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पटना पुलिस ने जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस गांधी मैदान को खाली करा रही है, जहां लोग प्रदर्शन कर रहे थे।

गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पटना पुलिस ने गांधी मैदान में उस जगह को खाली कराया, जहां जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। प्रशांत किशोर को गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

थप्पड़ मारने का आरोप

इस संबंध में जन सुराज की ओर से जारी प्रेस रिलीज की गई है। प्रेस रिलीज में कहा गया है कि पुलिस जबरन प्रशांत किशोर को उठा कर अस्पताल ले गई। जनसुराज पार्टी के प्रेस रिलीज के अनुसार पुलिस ने उन्हें थप्पड़ भी मारा है। पुलिस प्रशांत किशोर को लेकर एम्स गई है।

गांधी मैदान में जाने पर रोक

इसके अलावा पटना पुलिस ने गांधी मैदान से निकलने वाले वाहनों की जांच की, जहां जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। प्रशांत किशोर को पुलिस AIIMS लेकर गई है। उन्हें सभी लोगों से अलग कर दिया गया है। प्रशांत किशोर ने किसी भी तरह का इलाज कराने से मना कर दिया है और अपना अनशन जारी रखा है। पुलिस ने गांधी मैदान में किसी के भी जाने पर रोक लगा दी है।

कार्यकर्ताओं को अज्ञात जगह ले गई पुलिस

सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में जन सुराज ने भी इसकी जानकारी दी है। एक्स पर पोस्ट में लिखा है, “नीतीश कुमार की कायरता देखिए, उनकी पुलिस ने पिछले 5 दिनों से ध्वस्त शिक्षा और भ्रष्ट परीक्षा के खिलाफ आमरण अनशन कर रहे प्रशांत किशोर को रात 4 बजे जबरन हिरासत में लिया। साथ में बैठे हजारों युवाओं को अज्ञात जगह पर ले गयी।”

कोर्ट में किया जाएगा पेश

जिला प्रशासन की तरफ से मामले को लेकर जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और कुछ अन्य लोगों के द्वारा अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर प्रतिबंधित क्षेत्र गांधी मैदान के गांधी मूर्ति के समक्ष अवैध ढंग से धरना दिया जा रहा था। प्रशासन द्वारा वहां से हटकर धरना के लिए निर्धारित स्थल गर्दनीबाग में जाने के लिए नोटिस दिया गया था। प्रतिबंधित क्षेत्र में गैर-कानूनी ढंग से धरना देने के कारण गांधी मैदान थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनेक बार आग्रह करने तथा पर्याप्त समय देने के बाद भी स्थल खाली नहीं किया गया। अतः आज दिनांक 06.01.2025 को सुबह में उन्हें कुछ समर्थकों के साथ गिरफ्तार किया गया है। वे लोग पूरी तरह से स्वस्थ हैं। विहित प्रक्रिया के तहत कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्यवाही की जा रही है।

हाईकोर्ट जाएंगे प्रशांत किशोर

हिरासत में लिए जाने से पहले जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने कहा, “हमारे लिए ये निर्णय का कोई विषय ही नहीं है कि हम इसे (विरोध प्रदर्शन को) जारी रखेंगे या नहीं। हम अभी जो कर रहे हैं वो करते रहेंगे, इसमें कोई परिवर्तन नहीं होगा।” BPSC प्रिलिम्स परीक्षा रद्द करने की मांग का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचने पर उन्होंने कहा, “मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। हम (जन सुराज पार्टी) हाई कोर्ट में 7 तारीख को याचिका दर्ज करेंगे। हमने जो कहा था उस हिसाब से लीगल तरीके से हम अपनी मांग जारी रखेंगे।”

 

Red Max Media
Author: Red Max Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें