झारखंड में 2600 सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में 2,600 सहायक शिक्षकों की भर्ती हेतु प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सीएम ने नवनियुक्त 301 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज यानी मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में स्कूलों के लिए 2,600 सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक व्यवस्था में सुधार करने के लिए हर कदम उठा रही है। सीएम ने एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘हम सभी शिक्षा के महत्व को जानते हैं। प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक सरकार राज्य की पूरी शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए हर संभव कदम उठा रही है। हमने राज्य में 2,600 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।’’ उन्होंने नवनियुक्त 301 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यहां कक्षा छह से आठ तक के लिए 131 सहायक शिक्षकों तथा कक्षा एक से पांच तक के लिए 170 सहायक शिक्षकों की भर्ती की गई है।

‘शिक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव आया है’

बता दें कि इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दो सितंबर को 909 सहायक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे थे। इस अवसर पर सोरेन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्कूलों में शिक्षा में सुधार के लिए प्रोजेक्ट आधारित शिक्षा (पीबीएल) कार्यक्रम की भी शुरूआत की। सीएम ने कहा, ‘‘इस दौरान शिक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव आया है। स्कूलों में अब पारंपरिक ब्लैकबोर्ड की जगह डिजिटल ब्लैकबोर्ड ले रहे हैं। ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली शुरू हो गई है और कृत्रिम मेधा (एआई) का इस्तेमाल भी शुरू हो गया है।’’

‘शिक्षा प्रणाली में विकास की गति तेज करनी होगी’

उन्होंने कहा कि अगर शिक्षा के बदलते पहलुओं का आकलन किया जाए तो राज्य अब भी पिछड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें शिक्षा प्रणाली में विकास की गति तेज करनी होगी। यह क्षेत्र विभिन्न कारणों से पिछड़ा रहा है जिससे झारखंड जैसे राज्य को मज़दूरों का राज्य कहा जाता है। इस कलंक को मिटाने की ज़िम्मेदारी हम सभी को लेनी होगी।”

Red Max Media
Author: Red Max Media

Comments are closed.

और पढ़ें