
एटीएस ने छह किलोग्राम के करीब एमडी ड्रग बरामद किया है, जिसकी कीमत 30 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही पूरे कारखाने पर छापा मारा गया है, जहां से 300 किलोग्राम कच्चा माल भी बरामद किया गया है।
गुजरात एंटी टेरर स्कॉड ने वलसाड जिले के वापी से छह किलोग्राम एमडी ड्रग बरामद किया है, जिसकी कीमत 30 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने एक घर पर छापेमारी कर प्रतिबंधित ड्रग बरामद किया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। दमन क्राइम ब्रांच के साथ संयुक्त ऑपरेशन में एटीएस ने दमन के एक फॉर्म हाउस से एमडी ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और कई अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं। एटीएस को सूचना मिली थी कि आरोपी मेहुल ठाकुर, विवेक राय और मोहनलाल पालीवाल दमन के पास एक फॉर्म हाउस में ड्रग बना रहे हैं और वापी के चला रोड इलाके में मनोज सिंह ठाकुर के यहां इसे स्टोर किया जा रहा है।
मुखबिर से मिली जानकारी पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने दमन क्राइम ब्रांच और वलसाड स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के साथ वापी में बंगले और दमन में फॉर्म हाउस पर रेड की। रेड के दौरान पुलिसकर्मियों ने देखा कि फॉर्म हाउस पर ड्रग बनाने का काम जारी था। वहीं, बंगले में 5.9 किलोग्राम तैयार माल रखा हुआ था। फॉर्म हाउस से पुलिस ने बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग बनाने का केमिकल भी बरामद किया है।
ड्रग बनाने के उपकरण भी पकड़ाए
फॉर्म हाउस में रेड के दौरान लगभग 300 किलोग्राम कच्चा माल बरामद किया गया। इसके साथ ही ग्राइंडर, मोटर, ग्लास फ्लास्क, मीटर और अन्य चीजें बरामद की गई। एमडी ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बमन पजऊ के मेडिकल स्टोर से भी बरामद किए गए हैं। एटीएस ने बताया कि ये सभी उपकरण रेड के दौरान सीज कर लिए गए।
एक आरोपी पकड़ाया, दो फरार
आरोपी मोहनलाल पालीवाल को गुरुवार रात गिरफ्तार किया गया। वहीं, मेहुल ठाकुर और केमिस्ट विवेक राय फरार हैं। दमन क्राइम ब्रांच ने कहा कि मौके से 25 किलोग्राम बोरोकेमिकल, 50 किलोग्राम कास्टिक सोडा, हाइड्रोकोलिक एसिड, नमक के पैकेट, केमिकल के 25 लीटर वाले 10 ड्रम, कई खाली कंटेनर, इलेक्ट्रिक गैस, बाल्टी और कई ट्रे बरामद की गई हैं, जिनका इस्तेमाल ड्रग बनाने में होता था। क्राइम ब्रांच का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।








