
जापान की तीन दिवसीय यात्रा पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी टोक्यो पहुंचे हैं। अपनी यात्रा के पहले दिन मुख्यमंत्री ने जापान के कई वरिष्ठ मंत्रियों और शीर्ष कंपनियों के अधिकारियों से मुलाकात की
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को निवेश जुटाने, प्रौद्योगिकी एवं विनिर्माण में सहयोग बढ़ाने और राज्य को वैश्विक निवेशकों के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में पेश करने के इरादे से जापान की तीन दिवसीय यात्रा पर टोक्यो पहुंचे। अपनी यात्रा के पहले दिन मुख्यमंत्री ने जापान के कई वरिष्ठ मंत्रियों और शीर्ष कंपनियों के अधिकारियों से मुलाकात की, जिसका उद्देश्य हरियाणा और जापान के बीच आर्थिक, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना है।
प्रमुख मंत्रियों से हुई मुलाकात
मुख्यमंत्री सैनी ने जापान के विदेश राज्य मंत्री मियाजी ताकुमा और अर्थव्यवस्था, व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय के राज्य मंत्री कोगा यूइचिरो से मुलाकात कर व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के अवसरों पर चर्चा की। सैनी ने सोशल मीडिया मंच X पर जानकारी देते हुए कहा कि उनकी मियाजी ताकुमा के साथ सार्थक चर्चा हुई, जिसमें उन्होंने निम्नलिखित प्रस्ताव रखे-
- नवंबर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
- अगले साल अप्रैल में प्रस्तावित ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ में जापान को भागीदार देश बनने का आमंत्रण दिया।
कोगा यूइचिरो के साथ बैठक में, दोनों नेताओं ने हरियाणा और जापानी उद्यमों के बीच संभावित सहयोग, विशेषकर लघु एवं मध्यम उद्योग (SME) क्षेत्र में साझेदारी पर ध्यान केंद्रित किया। इस दौरान हरित ऊर्जा, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर, भविष्य के परिवहन, बुनियादी ढांचा और डिजिटल कायांतरण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशी गईं।
बड़े निवेश और समझौते
मुख्यमंत्री सैनी ने टोक्यो में वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण विनिर्माता टीडीके कॉर्पोरेशन के साथ भी चर्चा की। टीडीके की अनुषंगी एटीएल बैटरी पहले से ही हरियाणा के सोहना (गुरुग्राम) में देश का सबसे बड़ा लिथियम-आयन बैटरी विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है। इसके अलावा, हरियाणा सरकार ने वस्त्र समाधान से जुड़ी सीरेन कंपनी लिमिटेड के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत-
- कंपनी रोहतक में 220 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी।
- इससे 1,700 से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रमुख सचिव राजेश खुल्लर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी जापान दौरे पर हैं।
मुख्यमंत्री का आगे का कार्यक्रम
- 7 अक्टूबर: बुलेट ट्रेन (शिंकानसेन) के जरिए ओसाका की यात्रा करेंगे और वहां वर्ल्ड एक्सपो 2025 में हरियाणा राज्य क्षेत्र का उद्घाटन करेंगे। वे जापानी महापौरों और कारोबारी नेताओं से भी मिलेंगे। इस दौरान क्योसेरा, मिनेबा मित्सुमी, मित्सुई किंजोकू कंपोनेंट्स, होरिबा लिमिटेड और सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट एसोसिएशन ऑफ जापान जैसी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ भी बैठकें होंगी।
- 8 अक्टूबर: सुजुकी प्रबंधन से मुलाकात करेंगे और फिर ओसाका में क्यूबोता संयंत्र का दौरा कर उन्नत विनिर्माण संबंधी सहयोग पर चर्चा करेंगे।








