
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख के ऐलान के बाद सियासी हलचल तेज है। बैठकों के ताबड़तोड़ दौर के बावजूद, सत्ताधारी गठबंधन एनडीए से लेकर विपक्षी महागठबंधन तक सीट शेयरिंग की गुत्थी उलझी हुई है।
बिहार विधानसभा चुनाव में टिकट की टेंशन इस कदर घर कर गई है कि सत्ताधारी गठबंधन एनडीए से लेकर विपक्षी महागठबंधन तक घटक दलों के बीच तकरार जारी है। NDA में चिराग और मांझी ने सियासी पारा हाई कर दिया है। आज चिराग पासवान ने पटना में अपनी पार्टी की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है जिसमें नेताओं के साथ चर्चा करने के बाद चिराग बीजेपी से सीट शेयरिंग को लेकर बात करेंगे। तो इधर महागठबंधन में मुकेश सहनी और लेफ्ट के साथ मान मन्नौवल का दौर जारी है। महागठबंधन में टिकट बंटवारे की पेंच ऐसा उलझा है कि बुधवार को सीट शेयरिंग की घोषणा का एलान करने के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। आज सीएम हाउस में जेडीयू की भी मीटिंग बुलाई गई है तो जनसुराज के नेता प्रशांत किशोर आज अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करने वाले हैं।
कांग्रेस के सीनियर ऑब्जर्वर पटना रवाना
कांग्रेस के सीनियर ऑब्जर्वर्स पटना के लिए रवाना हो चुके हैं। भूपेश बघेल और अधीर रंजन चौधरी पटना जा रहे हैं। दोपहर बाद अशोक गहलोत भी पटना पहुंचेंगे। आज देर शाम पटना में गठबंधन के नेताओं के साथ सीनियर ऑब्जर्वर्स बैठक करेंगे जिसमें सीट शेयरिंग पर चर्चा होगी।
JDU नेताओं से टिकट बंटवारे पर चर्चा करेंगे नीतीश कुमार
पटना में थोड़ी देर में एक और बैठक शुरू होने वाली है। ये बैठक सीएम नीतीश कुमार के आवास पर होने वाली है जहां जेडीयू नेताओं के साथ नीतीश कुमार टिकट बंटवारे पर चर्चा करेंगे। आज जीतन राम मांझी की पार्टी की भी बैठक होने जा रही है जिस दौरान पार्टी अपनी आगे की रणनीति को अंतिम रूप देगी।
थोड़ी देर बाद LJP की इमरजेंसी बैठक
बिहार में टिकटों के बंटवारे को लेकर दिल्ली से पटना तक लेकर हलचल चल रही है। पटना में थोड़ी देर बाद LJP की इमरजेंसी बैठक होने वाली है। इस बैठक में चिराग पासवान शामिल होंगे या नहीं है ये अभी तक साफ नहीं है क्योंकि चिराग पासवान कल देर बिहार से दिल्ली पहुंचे हैं। कहा जा रहा है कि यहां वह बीजेपी नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।
राबड़ी आवास पर RJD संसदीय बोर्ड की बैठक आज
राजद आज दोपहर राबड़ी आवास पर अपने उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर रहा है। इस बैठक में राजद के राज्य संसदीय बोर्ड और केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य शामिल होंगे। बैठक में उम्मीदवारों की लिस्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा। तय की गई सभी नामों की लिस्ट को राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के पास भेजा जाएगा और उन्हें ही उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा के लिए अधिकृत किया जाएगा।
BJP ने तैयार की प्रत्याशियों की लिस्ट, केंद्रीय चुनाव समिति करेगी अंतिम फैसला
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की प्रारंभिक लिस्ट तैयार कर ली है जिसे अब केन्द्रीय चुनाव समिति और केन्द्रीय संसदीय बोर्ड को भेजा जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 11 और 12 अक्टूबर को दिल्ली में होगी जिसमें प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
जन सुराज पार्टी ने शुरू किया चंदा अभियान
प्रशांत किशोर द्वारा स्थापित पार्टी जन सुराज ने अपना चंदा इकट्ठा करने का अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने’जन सुराज योगदान ऐप’ लॉन्च किया। सिंह ने दावा किया कि आम जनता पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक रूप से योगदान देने की इच्छुक है। उन्होंने बताया कि यह ऐप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है जिसके जरिए लोग 100 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक का योगदान दे सकते हैं।
चिराग पासवान ने आज पटना में बुलाई पार्टी की इमरजेंसी मीटिंग
बिहार चुनाव में दोनों ही प्रमुख गठबंधनों में सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंसा है। एनडीए में चिराग पासवान और जीतन राम मांझी की डिमांड को लेकर बातचीत जारी है। इस बीच लेटेस्ट अपडेट ये है कि चिराग पासवान ने आज पटना में अपनी पार्टी की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। पार्टी नेताओं की राय मशवरे के बाद चिराग बीजेपी के नेताओं से बात करेंगे। तो जीतन राम मांझी ने साफ कर दिया है कि 15 सीटों से कम पर लड़ना उनके सम्मान के खिलाफ है।








