
हमास ने गाजा पीस प्लान के तहत 20 इजरायली बंधकों को रेड क्रॉस को सौंप दिया है। इजरायली सेना की ओर से इस बारे में जानकारी दी गई है। बंधकों की रिहाई के चलते इजरायल में जश्न जैसा माहौल है।
हमास ने इजरायल के 20 बंधकों को रिहा कर दिया है। इजरायल की सेना ने इस बारे में जानकारी दी है। इजरायली सेना ने कहा है कि हमास ने गाजा युद्ध विराम के तहत बंधकों को रेड क्रॉस को सौंप दिया है। शांति योजना के पहले चरण के तहत हमास ने 20 इजरायली बंधकों को रिहा किया है। यह पश्चिम एशिया को अस्थिर करने वाले 2 साल के विनाशकारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बंधकों की रिहाई की खबर से इजरायल में लोग बेहद खुश हैं और यहां जश्न जैसा माहौल नजर आ रहा है। हमास ने कहा है कि 1,900 से अधिक फिलिस्तीनी कैदियों के बदले 20 जीवित बंधकों को रिहा किया जा रहा है। गाजा पीस प्लान में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बड़ी भूमिका रही है।
इजरायल में जश्न जैसा माहौल
बंधकों कि रिहाई का इजरायल के लोगों ने स्वागत किया है। इजरायल की सड़कों पर जश्न जैसा माहौल नजर आ रहा है। इससे पहले हमास ने इजरायल के सात बंधकों को रिहा किया था। इजरायली रक्षा बल ने हमास की कैद से रिहा होने वाले बंधकों की तस्वीरें जारी करते हुए उनके नाम भी बताए हैं।
इजरायल पहुंचे ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इजरायल पहुंच चुके हैं। अमेरिका की मध्यस्थता से हुए युद्ध विराम समझौते के तहत हमास ने इजरायल के बंधकों को रिहा कर इसकी शुरुआत की है। अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक ‘एयर फोर्स वन’ विमान सुबह 9 बजकर 42 मिनट पर बेन-गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। विमान तेल अवीव के ‘होस्टेजेज स्क्वायर’ के ऊपर से गुजरा, जहां हजारों लोग जमा थे। हमास द्वारा रिहा किए गए पहले सात बंधकों के गाजा से इजराइल पहुंचने के ठीक बाद ट्रंप का विमान इजराइल पहुंचा।
इजरायल ट्रंप को देगा सम्मान
अंतरराष्ट्रीय मानवीय संगठन ‘रेड क्रॉस’ की अंतरराष्ट्रीय समिति बंधकों की रिहाई की निगरानी कर रही है। इस बीच इजरायल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सर्वोच्च नागरिक सम्मान देगा। इजरायली राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग के कार्यालय ने कहा कि वह बंधकों को घर वापस लाने के उनके प्रयासों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को इजराइल का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, “इजरायली प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ ऑनर” प्रदान करेंगे। राष्ट्रपति प अन्य नेताओं के साथ अपने प्रस्तावित समझौते और युद्ध के बाद की योजनाओं पर चर्चा करने के लिए इस क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं।
गाजा में सुरंगों को नष्ट करेगा इजरायल
इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि उन्होंने सेना को निर्देश दिया है कि वह बंधकों की रिहाई के बाद गाजा में हमास की ओर से बनाई गई सुरंगों के नेटवर्क को नष्ट करने की तैयारी शुरू करे। यह काम अमेरिका के नेतृत्व और ऑबजर्वेशन में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय बलों के माध्यम से किया जाएगा।
ऐसे शुरू हुई थी जंग
जंग की शुरुआत सात अक्टूबर 2023 को हमास की ओर से इजरायल पर किए गए हमले के बाद हुई थी। इस आतंकी हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इजरायल के जवाबी सैन्य हमले में हजारों लोग मारे गए हैं, गाजा तबाह हो गया है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गाजा में 67 हजार से अधिक लोग मारे गए हैं और लगभग 170,000 घायल हुए हैं। युद्ध के कारण भुखमरी का सामना कर रहे गाजा में मानवीय सहायता में वृद्धि की उम्मीद हैं, जहां लाखों लोग बेघर हो गए हैं।
जारी की गई थी रिहा होने वाले बंधकों की लिस्ट
हमास ने रिहा किए जाने वाले बंधकों की लिस्ट जारी की थी।
- बार अब्राहम कुपरस्टीन
- एविटर डेविड
- योसेफ हैम ओहाना
- सेगेव कैल्फॉन
- अविनातन या
- एल्काना बुहबुत
- मैक्सिम हरकिन
- निम्रोद कोहेन
- मटन त्सांगॉकर
- डेविड कोन्यो
- ईटन हॉर्न
- मटन एंग्रिस्ट
- ईटन मोर
- गली बर्मन
- ज़ेव बर्मन
- ओमरी मिरान
- एलोन ओहेल
- गाइ गिल्बोआ-दल्लाल
- रोम ब्रास्लावस्की
- एरियल कोन्यो








