
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गहमागहमी चल रही है। टिकट बंटवारे को लेकर सियासत चरम पर है। राजद सुप्रीमो लालू यादव ने रघुनाथपुर विधानसभा सीट पर शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को चुनाव मैदान में उतारा है, जानिए इसके पीछे की वजह…
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत चरम पर है, खासकर राजनीतिक दलों के बीच टिकट बंटवारे को लेकर रूठने मनाने का दौर चल रहा है। इस बीच राजद सुप्रीमो लालू यादव ने अपने कई उम्मीदवारों को मंगलवार को पार्टी का चुनावी सिंबल जारी कर दिया है जिसमें सीवान से राजद और लालू के खास रहे बाहुबली नेता शाहबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को रघुनाथपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। बता दें कि राजद ने सिवान के चर्चित नेता रहे शहाबुद्दीन के बेटे को रघुनाथपुर, तो वहीं अवध बिहारी चौधरी को सिवान से चुनाव मैदान में उतारा है। इसके साथ ही पार्टी ने अख्तरूल साहिन को समस्तीपुर से टिकट दिया है।
मां हिना शहाब ने लालू से कही थी ये बात
सिवान के बाहुबली नेता रहे शहाबुद्दीन की पत्नी और ओसामा शहाब की मां हिना शहाब ने चुनाव से बहुत पहले ही राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पार्टी के नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी और अपने बेटे ओसामा को रघुनाथपुर सीट से उम्मीदवार बनाने का प्रस्ताव रखा था। मुलाकात के बाद हिना शहाब ने कहा था कि, रघुनाथपुर हमारी पारंपरिक सीट है, इसलिए हमने मांग की है कि मेरे बेटे ओसामा को यहां से टिकट दिया जाए।
इस नेता ने ओसामा के लिए छोड़ी अपनी सीट
बता दें कि हिना शहाब की मांग के बाद रघुनाथपुर सीट से मौजूदा विधायक हरिशंकर यादव ने ओसामा के लिए रघुनाथपुर सीट छोड़ दी। बता दें सिवान जिले की रघुनाथपुर विधानसभा सीट काफी अहम मानी जा रही है जो फिलहाल राजद के हिस्से में है और जहां से राजद के टिकट से चुनाव जीतकर हरिशंकर यादव ने दो बार यहां जीत दर्ज की है। हरिशंकर यादव ने इस सीट को ओसामा शहाब के लिए छोड़ दिया है और राजद ने आधिकारिक तौर पर ओसामा शहाब को रघुनाथपुर से उम्मीदवार बना दिया है। बता दें कि अक्टूबर 2024 में ओसामा शहाब और उनकी मां हिना शहाब ने राजद का दामन थामा था, लेकिन क्या ओसामा अपने पिता शहाबुद्दीन की विरासत को आगे ले जा पाएंगे?








