ट्रंप ने हमास को दी चेतावनी, बोले- ‘हथियार छोड़ने होंगे वरना…’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि हमास को हथियार छोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि अगर हमास ऐसा नहीं करता है तो उसे ऐसा करने पर मजबूर किया जाएगा। ट्रंप ने यह बात मिस्र में हुए गाजा शांति सम्मेलन के बाद कही है।

इजरायल और हमास के बीच 2 साल से जारी जंग फिलहाल थम गई है। गाजा शांति समझौते का पहला चरण जारी है हालांकि कई जटिल मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को चेतावनी देते हुए कहा है कि उन्हें अपने हथियार छोड़ने होंगे। ट्रंप ने कहा कि अगर हमास ऐसा नहीं करता है तो अमेरिका कार्रवाई करेगा।

‘हमास तक पहुंचा दिया है संदेश’

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने हमास तक अपना संदेश मध्यस्थों के जरिए पहुंचाया है। उन्होंने कहा, “वो (हमास) हथियार छोड़ेंगे। अगर वो हथियार नहीं छोड़ते हैं तो हम उनके हथियार छुड़वाएंगे और यह जल्दी शायद हिंसक तरीके से होगा, लेकिन वो हथियार छोड़ेंगे।’ राष्ट्रपति ने कहा, “मैंने हमास से बात की और कहा कि आप हथियार छोड़ेंगे ना? और उन्होंने कहा कि हां सर हम हथियार छोड़ देंगे।”

 

कई सवालों के नहीं मिले हैं जवाब

देखने वाली बात यह है कि भले ही इजरायल और हमास के बीच शांति समझौता हो चुका है लेकिन हमास के निरस्त्रीकरण, गाजा के शासन और फिलिस्तीन को राष्ट्र के रूप में मान्यता देने जैसे जटिल मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं। ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब अब तक नहीं मिला है। ऐसे में यह तो स्पष्ट है कि गाजा समझौता फिलहाल जंग को रोकने का अस्थायी उपाय है।

20 सूत्रीय योजना का अहम हिस्सा है निरस्त्रीकरण

अमेरिका की मध्यस्थता में इजरायल और हमास के बीच शुक्रवार को युद्धविराम लागू हुआ था। समझौते की शर्तों के अनुसार, हमास ने 20 जीवित बंधकों को रिहा कर दिया है। हमास ने सोमवार को केवल 4 मृत बंधकों के अवशेष सौंपे थे। युद्धविराम और दीर्घकालिक शांति समझौते की 20 सूत्रीय योजना में हमास का निरस्त्रीकरण एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। अगर ऐसा नहीं होता है तो एक बार फिर गाजा में जंग जैसे हालात नजर आ सकते है।

कब और क्यों शुरू हुई थी जंग?

हमास और इजरायल के बीच जंग की शुरुआत सात अक्टूबर 2023 को तब हुई थी जब हमास के आतंकियों ने इजरायल पर हमला कर 1,200 लोगों को मार डाला था और 251 लोगों को बंधक बना लिया था। इजरायल ने इसके बाद जवाबी कार्रवाई शुरू की थी जिसमें 67,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

Red Max Media
Author: Red Max Media

Comments are closed.

और पढ़ें